इस बार… झुलसाएगी गर्मी अपार

-सामान्य से 1.5 डिग्री तक ज्यादा रह सकता है तापमान
-इस साल ठंड की तरह टूटेगा गर्मी का रिकॉर्ड

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली। 20 फरवरी, 2020
दिल्ली-एनसीआर ही नहीं देश भर में इस बार अच्छी खासी ठंड रही। लेकिन अब लोगों पर गर्मी की मार पड़ने जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में इस साल गर्मी कहर बरपाने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार भारत के अधिकांश हिस्सों में इस बार पारा 45 डिग्री से ज्यादा रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ग्लोबल वार्मिंग और मौसम चक्र में बदलाव के चलते इस साल पारा सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस साल मई और जून में पारा 45 डिग्री तक जा सकता है। इस साल मार्च और अप्रैल में ही देश के अधिकांश हिस्सों में खासतौर से उत्तर व मध्य भारत में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार अप्रैल में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहेगा। इस साल फरवरी में ही महाराष्ट्र व दक्षिण राज्यों में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है।
देश के कई हिस्सों में अभी से अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। अगले दो महीनों में इसमें और इजाफा होनेकी संभावना है। मार्च में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में तापमान 0.5 से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ग्रीनहाउस उत्सर्जन की वजह से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है। इसकी वजह से इस साल गर्मी में इजाफा होने की उम्मीद है। फिलहाल अल नीनो की कोई मौजूदगी अभी तक दिखाई नहीं दी है। क्योंकि पिछले साल जून तक अल नीनो सक्रिय था। अतः इसका असर भी इस साल देखने को मिल सकता है। इसकी वजह से तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की आशंका जताई जा रही है।
2064 तक बढ़ती रहेगी गर्मी
मौसम विज्ञान विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक हर साल गर्मी और लू बढ़ने का सिलसिला साल 2064 तक लगातार जारी रहेगा। पिछले साल फरवरी से जून तक अल नीनो की स्थिति बनी रही थी। अल नीनो ही इस साल भारत में लू बढ़ने के लिए जिम्मेदार होगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक ग्लोबल वार्मिंग की वजह से भी हर साल तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।