-29 अप्रैल को होना है दिल्ली के मेयर का चुनाव
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 16 अप्रैल।
दिल्ली के मेयर के चुनाव के लिए गुरूवार को अधिसूचना जारी हो गई है। 29 अप्रैल को मेयर का चुनाव होना है। लेकिन इसके लिए सियासी दांवपेंच जोरों पर हैं। यह तो तय ही है कि पार्षदों की संख्या के आधार पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद को ही मेयर चुना जायेगा। जिसकी वजह से बीजेपी पार्षदों में दावेदारी के लिए होड़ मची है।
बताया जा रहा है कि मेयर पद के लिए वर्तमान मेयर राजा इकबाल सिंह, नेता सदन प्रवेश वाही, डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर एवं स्टेंडिंग कमेटी की चेयरमैन सत्या शर्मा प्रमुख दावेदार हैं। हालांकि शिक्षा समिति के चेयरमैन एडवोकेट योगेश वर्मा और डिप्टी मेयर जय भगवान यादव भी मेयर पद की दौड़ में शामिल हैं।
दिल्ली बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वर्तमान मेयर राजा इकबाल सिंह को जहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा का समर्थन प्राप्त है, वहीं नेता सदन प्रवेश वाही को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समर्थित दावेदार माना जा रहा है। दूसरी ओर संदीप कपूर के साथ केंद्रीय मंत्री हर्ष मलहोत्रा का नाम जोड़ा जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि स्टेंडिंग कमेटी चेयरमैन सत्या शर्मा के पति उन्हें मेयर बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। उन्हें प्रदेश बीजेपी नेतृत्व की पसंद नहीं माना जाता है। क्योंकि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व की सिफारिश पर स्टेंडिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया था। जिसकी वजह से उन्हें वह अपने पूरे कार्यकाल में असहज रहीं, क्योंकि उन्हें पार्टी के ही कुछ पदाधिकारियों द्वारा एमसीडी अधिकारियों का वांछित सहयोग नहीं मिलने दिया गया। इसके साथ ही मेयर पद की दावेदारी के लिए एडवोकेट योगेश वर्मा और जय भगवान यादव अपने संघ के सूत्रों को खंगालने में जुटे हैं।


