MCD: 29 अप्रैल को होगा मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव, अधिसूचना जारी

-23 अप्रैल तक दाखिल किये जा सकेंगे नामांकन पत्र

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 16 अप्रैल।
दिल्ली के मेयर का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। इसके लिए दिल्ली नगर निगम ने गुरूवार को अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
एमसीडी के निगम सचिव की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक मेयर के चुनाव के साथ डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के 3 सदस्यों का चुनाव भी कराया जायेगा। इसके लिए 23 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इसके साथ ही उम्मीदवारों के द्वारा 29 अप्रैल को चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले तक अपने नामांकन वापस लिये जा सकेंगे।
बता दें कि दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 (संशोधित-2022) की धारा-35 की उपधारा-(1) के अनुसार प्रत्येक वर्ष की निगम की पहली बैठक में मेयर एवं डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाता है। उसी के अनुसार प्रत्येक वर्ष के अप्रैल माह की पहली बैठक में यह चुनाव कराया जाता है। क्योंकि हर वर्ष स्टेंडिंग कमेटी के भी आधे सदस्य रिटायर हो जाते हैं, अतः प्रत्येक वर्ष सदन की पहली बैठक में ही स्टेंडिंग कमेटी के लिए भी तीन सदस्यों का चुनाव किया जाता है।