-स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने किया मलका गंज वार्ड-12 का दौरा
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 24 जून।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को मलका गंज वार्ड-12 का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद रेखा, सिविल लाइन्स जोन के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वार्ड के मेंटेनेंस स्टोर का जायजा लिया, जहां भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक मरम्मत कार्य हेतु शीघ्र विस्तृत अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कार्य के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थानीय पार्षद द्वारा क्षेत्र में खुले में मछली एवं चिकन के अवैध विक्रय का मुद्दा उठाए जाने पर सत्या शर्मा ने गंभीरता दिखाते हुए उपायुक्त को पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं जन स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना लाइसेंस कार्य कर रहे विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही इस संबंध में की गई कार्रवाई की फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अवैध बिजली कनेक्शन एवं उनसे ई-रिक्शा चार्ज किए जाने की समस्या भी सामने आई। इस पर सत्या शर्मा ने संबंधित विभागों को पत्र लिखकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश दिए।
सत्या शर्मा ने मलका गंज स्थित एमसीडी प्राथमिक विद्यालय का भी दौरा किया। इस दौरान विद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय पार्षद द्वारा रखी गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


