23 दिसंबर को आएंगे झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे

-राज्य की 81 सीटों पर पांच चरणों में होगा चुनाव
-30 नवंबर, 7, 12, 16 व 20 दिसंबर को होगी वोटिंग

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
झारखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 दिसबंर को आएंगे। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। झारखंड में पांच चरणों में विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि पहले चरण का मतदान 30 नवंबर को होगा। 7 दिसंबर को दूसरे चरण, 12 दिसंबर को तीसरे चरण, 16 दिसंबर को तीसरे चरण और 20 दिसंबर को चौथे चरण की वोटिंग होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पहले चरण में 13 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 20 सीटों पर, तीसरे चरण में 17 सीटों पर, चौथे चरण में 15 सीटों पर और पांचवें चरण में 16 सीटों पर मतदान होगा। सुनील अरोड़ा ने कहा कि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी को खत्म हो रहा है। चुनाव उपायुक्तों ने 17 से 18 अक्टूबर को झारखंड का दौरा किया था। बता दें कि राज्य में 19 जिलों की 67 सीटें नक्सल से प्रभावित हैं।
सभी दलों ने बनाई रणनीतिः
राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर अलग अलग दलों ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। कांग्रेस ने राज्य में रामेश्वर उरांव को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर आदिवासी कार्ड खेला है। फिलहाल बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम चुनाव में अकेले के दम पर उतरने की तैयारी में है। झारखंड विधानसभा में कुल 81 सीट हैं। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 31.3 फीसदी वोटों के साथ 37 सीटें मिली थीं। बीजेपी की सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (एजेएसयू) को 3.7 फीसदी वोट के साथ 5 सीट मिली थीं।
दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को 20.4 फीसदी वोट के साथ 19 सीट, कांग्रेस को 10.5 फीसदी वोट के साथ 7 सीट और जेवीएम को 10 फीसदी वोट के साथ 8 सीट हासिल हुई थीं। 6 सीट निर्दलीयों को हासिल हुई थीं। लेकिन चुनाव के बाद जेवीएम के 6 विधायकों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।
भाजपा का मिशन-65
झारखंड के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अलग नीति बनाई है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की कोशिश में है। लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में मिशन-65 प्लस का लक्ष्य तय किया है। एक बार फिर भाजपा और एजेएसयू मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
विपक्ष हो रहा एकजुट
झारखंड में भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस व झारखंड मुक्ति मोर्चा बाकी विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास की जन आशीर्वाद यात्रा के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा निकाल रहे हैं। विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने में जुट गए हैं।