दिल्ली प्रीमियर लीग सीज़न-3 के लिए 1 जुलाई को होगा खिलाड़ियों का ऑक्शन

-31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगा सीज़न-3, दिल्ली क्रिकेट के बड़े सितारे फिर दिखाएंगे टी20 का रोमांच

विजय कुमार / नई दिल्ली, 24 जून।
दिल्ली जिला एवं क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने  घोषणा की कि दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) का तीसरा सीज़न 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। नए सीज़न से पहले खिलाड़ियों का ऑक्शन 1 जुलाई को होगा।
पिछले सीज़न में नितीश राणा की कप्तानी वाली वेस्ट दिल्ली लायंस ने फाइनल में सेंट्रल दिल्ली किंग्स को छह विकेट से हराकर अपना पहला डीपीएल खिताब जीता था। वहीं महिला वर्ग में श्वेता सहरावत की अगुवाई वाली साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
पिछले दो सीज़नों में डीपीएल राजधानी के क्रिकेटरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित हुआ है, जिसने अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान किया है।
आगामी सीज़न में कई प्रमुख क्रिकेटर हिस्सा लेंगे, जिनमें भारतीय अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल सितारे  ऋषभ पंत इशांत शर्मा नितीश राणा हर्षित राणा नवदीप सैनी सुरेश शर्मा प्रियांशु आर्य अनुज रावत आयुष भदोही, दिग्वेश राठी, मयंक रावत, प्रिंस यादव,  हिम्मत सिंह, ऋतिक शौकीन, सार्थक रंजन सहित कई अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
महिला प्रतियोगिता में सोनी यादव और आयुषी सोनी जैसी स्थापित खिलाड़ियों के साथ-साथ तनिषा सिंह, नाज़मा, मोनिका और पूर्वा सिवाच जैसी उभरती प्रतिभाएं भी खेलती नजर आएंगी।
डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “हर वर्ष दिल्ली प्रीमियर लीग और बेहतर होती जा रही है और मैदान पर दिखाई देने वाली क्रिकेट की गुणवत्ता दिल्ली में मौजूद प्रतिभा की गहराई को दर्शाती है। यह लीग बहुत कम समय में हमारे क्रिकेट कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है।
हमने कई खिलाड़ियों को डीपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा है, जिन्होंने बाद में उच्च स्तर पर अपनी पहचान बनाई। यह लीग दिल्ली क्रिकेट में प्रतिभाओं की पहचान और विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुकी है। हमें विश्वास है कि सीज़न-3 भी नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान करेगा।”
डीडीसीए की उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने कहा, “दिल्ली प्रीमियर लीग दिल्ली के क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गई है। इसने खिलाड़ियों को अपनी मेहनत और समर्पण को प्रदर्शित करने का अवसर दिया है। विशेष रूप से महिला प्रतियोगिता को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है, जिसने दिल्ली की महिला क्रिकेटरों के लिए अवसरों और पहचान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हम सीज़न-3 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और सभी खिलाड़ियों को सफल एवं यादगार टूर्नामेंट की शुभकामनाएं देते हैं।”
डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने कहा, “दिल्ली प्रीमियर लीग अब दिल्ली क्रिकेट कैलेंडर के सबसे बहुप्रतीक्षित आयोजनों में से एक बन चुकी है। खिलाड़ियों का ऑक्शन हमेशा टूर्नामेंट का बेहद रोमांचक चरण होता है, जहां टीमें अपने स्क्वॉड और रणनीतियां तैयार करती हैं। इस बार भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मजबूत समूह उपलब्ध है और हमें एक और प्रतिस्पर्धी तथा मनोरंजक सीज़न की उम्मीद है।”
सीज़न-3 के लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन 1 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद टीमें अपने स्क्वॉड तैयार करेंगी। एक महीने तक चलने वाली प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की आठ और महिला वर्ग की चार टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले 31 जुलाई से 30 अगस्त के बीच खेले जाएंगे।
पुरुष वर्ग की टीमें
सेंट्रल दिल्ली किंग्स
ईस्ट दिल्ली राइडर्स
न्यू दिल्ली टाइगर्स
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स
आउटर दिल्ली वॉरियर्स
पुरानी दिल्ली 6
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज
वेस्ट दिल्ली लायंस
महिला वर्ग की टीमें
सेंट्रल दिल्ली किंग्स विमेंस
ईस्ट दिल्ली राइडर्स विमेंस
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स विमेंस
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज विमेंस