सरकार बदली पर नहीं बदले हालातः फिर छलका थोक बाजारों के व्यापारियों का दर्द

-त्योहारों से पहले थोक बाजारों में लगे वाले जाम ने उड़ाई कारोबारियों की नींद

एसएस ब्यूरो/नई दिल्लीः 29 सितंबर।
‘कहां तो तय था चरागां हर एक घर के लिए, कहां चराग मयस्सर नहीं शहर के लिए’ जी हां दुष्यंत का यह शेर फिलहाल राजधानी के सियासी हालातों पर बिलकुल खरा उतरता है। दिल्ली में भले ही सत्ता परिवर्तन हुए डेढ़ साल से ज्यादा हो गया हो, परंतु थोक बाजारों के हालातों में कोई बदलाव नहीं आया है। राजधानी के प्रमुख थोक बाजारों में रोजाना लगने वाले जाम से व्यापारियों की हालत खराब हो रही है। सदर बाजार में लगातार लग रहे जाम से व्यापारी, ग्राहक और आम राहगीर परेशान हैं। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने बाजार में बढ़ती यातायात समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
परमजीत सिंह पम्मा ने बताया कि सदर बाजार में सुबह से शाम तक कई प्रमुख मार्गों और चैराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। 12 टूटी चैक, कुतुब रोड, मिठाई पुल, सदर थाना रोड, सिंघाड़ा चैक और तेलीवाड़ा सहित कई इलाकों में वाहन आए दिन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। उन्होंने बताया कि तेलीवाड़ा-कुतुब रोड पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। कई बार निर्माण कार्य के चलते रास्ता बंद कर दिया जाता है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि जाम के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार में सामान लेकर आने-जाने वाले ठेले और छोटे मालवाहक वाहन भी लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं। इससे सामान की आवाजाही प्रभावित होती है और व्यापारियों का समय भी बर्बाद होता है।
परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, जिसके चलते सदर बाजार में खरीदारों और माल की आवाजाही बढ़ेगी। यदि समय रहते जाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर बाजार के कारोबार पर पड़ सकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सदर बाजार के प्रमुख जाम प्वाइंटों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए। अवैध पार्किंग और यातायात अवरोधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा पीक आवर्स के दौरान पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि व्यापारियों, ग्राहकों और आम जनता को राहत मिल सके। पम्मा ने कहा कि सदर बाजार देश के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में से एक है। त्योहारों के सीजन में यहां आने वाले लाखों ग्राहकों और व्यापारियों की सुविधा के लिए सुचारु यातायात व्यवस्था बेहद जरूरी है।