रैली ऑफ हिमालयाज- 2026 का आगाज, पहली बार जांस्कर पहुंचेगी रैली

-शनिवार से हुआ आगाज, 140 प्रतिभागी कर रहे हिस्सेदारी

विजय कुमार/ मनाली, 26 सितंबर।
जेएंडके बैंक-जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज 2026 का शनिवार को मनाली से आगाज हुआ। हिमालयन एक्सट्रीम मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर एक्स फ्यूजन ट्राइब द्वारा आयोजित इस रैली के छठे संस्करण में 140 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस बार रैली पहली बार जांस्कर क्षेत्र में प्रवेश करेगी।
पांच दिन तक चलने वाली रैली में मोटो, एक्सट्रीम और टीएसडी (टाइम, स्पीड, डिस्टेंस) वर्गों में मुकाबले होंगे। प्रतिभागी काजा, जिस्पा, पदुम और पेंसी ला के चुनौतीपूर्ण मार्गों से गुजरेंगे तथा 30 सितंबर को जांस्कर के पदुम में रैली का समापन होगा।
रैली का औपचारिक फ्लैग ऑफ मनाली के देव लोक, 15वें माइल में हुआ। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौर मुख्य अतिथि रहे। मोटो वर्ग में 80 राइडर, एक्सट्रीम में 35 प्रतिभागी और टीएसडी वर्ग में 24 प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें महिला प्रतिभागियों के साथ पांच आर्मी टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।
इस साल का सबसे बड़ा आकर्षण जांस्कर में रैली का पहली बार प्रवेश है। ऊंचाई वाले दुर्गम पहाड़ी इलाकों, लंबे प्रतिस्पर्धी चरणों और बदलते मौसम के बीच प्रतिभागियों के लिए नेविगेशन, धैर्य और वाहन की विश्वसनीयता बड़ी चुनौती होगी। रैली का यह संस्करण पांच बार के राष्ट्रीय रैली चैंपियन और ‘जिप्सी किंग’ के नाम से मशहूर रहे हरि सिंह को समर्पित है।