MCD: 23 मई को होगा वार्ड समितियों के चेयरमैन एवं डिप्टी चेयरमैन का चुनाव

-19 मई तक दाखिल हो सकेंगे नामांकन पत्र
-इसी दिन होगा स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 मई।
दिल्ली नगर निगम (MCD) की वार्ड समितियों (जोन) के चेयरमैन एवं डिप्टी चेयरमैन के चुनाव शनिवार 23 मई को होंगे। इसके लिए निगम सचिव कार्यालय ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों के रिक्त होने जा रहे पदों के लिए भी 6 सदस्यों का चुनाव कराया जायेगा।
एमसीडी के कुल 12 जोन (वार्ड समितियां) हैं। दिल्ली नगर निगम अधिनियम के अनुसार हर वर्ष इन वार्ड समितियों के चेयरमैन एवं डिप्टी चेयरमैन का चुनाव कराया जाता है। इसके लिए निगम पार्षदों के द्वारा अपने नामांकन पत्र 19 मई तक भरे जा सकेंगे। जोन एवं स्टेंडिंग कमेटी के लिए चुनाव की प्रक्रिया 23 मई को एमसीडी के हेड क्वार्टर सिविक सेंटर में प्रातः 10 बजे से 5 बजे क बीच कराई जायेगी।
गौरतलब है कि स्टेंडिंग कमेटी के लिए 6 जोन में एक-एक सदस्य का चुनाव कराया जायेगा। इनमें केशव पुरम, नरेला, नजफगढ़, सेंट्रल एवं शाहदरा साउथ जोन के नाम शामिल हैं। इससे पहले 6 में से 5 वार्ड समितियों से बीजेपी के सदस्य चुनकर आये थे और करेालबाग जोन से आम आदमी पार्टी के अंकुश नारंग चुनाव जीतकर स्टेंडिंग कमेटी में पहुंचे थे।
माना जा रहा है कि 23 मई को होने वाले चुनाव में भी स्टेंडिंग कमेटी के लिए 6 सदस्यों में से बीजेपी के 5 सदस्य चुनाव जीतकर फिर से आ सकते हैं। वहीं करोलबाग जोन में संख्या बल में आम आदमी पार्टी का दबदबा है। अतः इस जोन से एक बार फिर से आप का कोई पार्षद स्टेंडिंग कमेटी में जीतकर आ सकता है।