-एशियाई खेलों के लिए चयनित हो चुके हैं दोनों खिलाड़ी
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 26 अगस्त।
एशियाई खेलों से पहले 17 वर्षीय सिंड्रेला दास को हाल के शानदार प्रदर्शन के बाद टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) की डेवलपमेंट स्कीम में शामिल किया गया है। कोलकाता की इस युवा खिलाड़ी ने इस वर्ष की शुरुआत में थाईलैंड में आयोजित एशियन यूथ चैंपियनशिप में गर्ल्स डबल्स में रजत और गर्ल्स सिंगल्स में कांस्य पदक जीता था।
हालिया प्रदर्शन के आधार पर सिंड्रेला को टॉप्स डेवलपमेंट कैटेगरी में शामिल किया गया है। सिंड्रेला ने 2023 में अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 सिंगल्स में तीन राष्ट्रीय रैंकिंग आयु वर्ग खिताब भी जीते थे। इसके बाद 2025 में उन्होंने सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कदम रखा।
इस वर्ष की शुरुआत में टॉप्स ने विशेष रूप से टेबल टेनिस के लिए 14 से 17 वर्ष की आयु के युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक केंद्रित समूह तैयार करने का फैसला किया था। सिंड्रेला भी इस समूह का हिस्सा थीं। इसका उद्देश्य 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक के लिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करना है।
सिंड्रेला के साथ उनके साथी टेबल टेनिस खिलाड़ी पायस जैन और अंकुर भट्टाचार्जी भी इस योजना का हिस्सा हैं। दोनों पुरुष युगल में खेलते हैं। भारत की 2026 एशियाई खेलों की 10 सदस्यीय टीम में सिंड्रेला, श्रीजा अकुला, दिया चिताले, यशस्विनी घोरपड़े, सुतीर्था मुखर्जी, साथियान, मनुश शाह, मानव ठक्कर, हरमीत देसाई और पायस जैन शामिल हैं।
इस बीच, भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा को मिशन ओलंपिक सेल ने सितंबर में बुल्गारिया और कजाकिस्तान में होने वाले ॅज्ज् कंटेंडर टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के लिए वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है।


