टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया ने की ऐची-नागोया एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम की घोषणा

-20 सितंबर से 28 सितंबर के बीच जापान में होगया प्रतियोगिता का आयोजन

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 18 जून।
20वें एशियाई खेलों का आयोजन जापान के ऐची-नागोया (जापान) में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित बहु-खेल प्रतियोगिता के लिए टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भारतीय दल की घोषणा कर दी है। खिलाड़ियों का चयन मुख्य रूप से उनकी विश्व और राष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर किया गया है।
चयन प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि भारत के सर्वोच्च रैंकिंग वाले और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी एशिया के सबसे बड़े खेल आयोजन में देश का प्रतिनिधित्व करें। टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं 20 से 28 सितंबर के बीच आयोजित की जाएंगी।
पुरुष टीम का नेतृत्व अनुभवी खिलाड़ी जी. साथियान और हरमीत देसाई करेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख खिलाड़ी मानव विकास ठक्कर और मानुष शाह भी टीम में शामिल हैं। युवा प्रतिभा पायस जैन ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर पांच सदस्यीय टीम में स्थान बनाया है। वहीं अंकुर भट्टाचार्जी और रोनित भांजा को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर टीम में शामिल किए जा सकते हैं।
महिला वर्ग में पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन श्रीजा अकुला टीम की अगुआई करेंगी। उनके साथ यशस्विनी घोरपड़े, दिया चिताले, सुतीर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। यह संतुलित टीम अनुभव और युवा जोश का मिश्रण है तथा एशिया की मजबूत टीमों को चुनौती देने की क्षमता रखती है। स्वस्तिका घोष और मनिका बत्रा को रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में चुना गया है।
एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे जैसी महाशक्तियां हिस्सा लेंगी। भारत के लिए चयनित टीम अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का संतुलित संयोजन है।
भारतीय टेबल टेनिस टीम (एशियाई खेल 2026)
पुरुष टीमः
जी. साथियान, हरमीत देसाई, मानव विकास ठक्कर, मानुष शाह, पायस जैन
पुरुष रिजर्वः
अंकुर भट्टाचार्जी, रोनित भांजा
महिला टीमः
श्रीजा अकुला, यशस्विनी घोरपड़े, दिया चिताले, सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास
महिला रिजर्वः
स्वस्तिका घोष, मनिका बत्रा।