सूर्य और शुक्र होगा इसरो का अगला निशाना… पीएम मोदी ने की घोषणा

-चंद्रयान-3 का चांद के घर में सफल प्रवेश
-पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई
-सूर्य के लिए लांच होगा आदित्य एल-1 मिशन

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 23 अगस्त, 2023।
बुधवार को भारत के चंद्रयान-3 ने चांद के घर में सफलता पूर्वक प्रवेश पा लिया। इसी के साथ इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के निशाने पर सूर्य और शुक्र आ गये हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान-3 के मिशन की सफलता पर देशवासियों और अपने वैज्ञानिकों को बधाई दी है। चंद्रयान ने बुधवार को करीब 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर अपना पहला कदम रखा। इसी के साथ देश-विदेश में भारतीयों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को घोषणा की कि जल्दी ही इसरो के द्वारा सूर्य के अभियान के लिए आदित्य एल-1 मिशन शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब तक बच्चे कहते थे कि चंदा मामा दूर के लेकिन अब कहेंगे चंदा मामा पास के। वैज्ञानिकों ने हार से सबक लेकर जीत हासिल की है। चांद के साउथ पोल पर जाने वाला भारत पहला देश बन गया है। यह पल अभूतपूर्व व अविस्मरणीय हैं। यह पल विकसित भारत का शंखनाद है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब शुक्र भी इसरो के लक्ष्य में शामिल हो गया है।