AAP ने दिया सफाई कर्मियों की पक्की नौकरी में धोखाः निगम की केजरीवाल सरकार ने 317 में से 177 को डेली वेजर की नौकरीः BJP

-111 सफाई कर्मचारी जनवरी 2023 तक हो चुके थे पक्के

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 24 अगस्त, 2023।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) के ऊपर सफाई कर्मियों के साथ धोखा देने के गंभीर आरोप लगाये हैं। पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने गुरूवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा 21 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में जो 317 सफाई कर्मचारियों की नौकरी पक्की करने की घोषणा की गई है, वह पूरी तरह से झूठी और गुमराह करने वाली है। इसके लिए बीजेपी ने मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग की है।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा 21 अगस्त, 2023 को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 317 सफाई कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने की घोषणा की थी। लेकिन प्राप्त अधिकारिक रिकार्ड के अनुसार 21 अगस्त को जिन 317 लोगों को स्थाई नौकरी की घोषणा की गई उनमे से 177 को करूणा मूलक आधार पर केवल दैनिक वेतन आधार पर रखा गया है।
उन्होंने आगे कहा कि जिन 139 कर्मचारियों को स्थाई नौकरी देने की बात सामने आई है उनमें से भी 111 को दिल्ली नगर निगम के विभिन्न जोन में जनवरी 2023 से पहले ही स्थाई कर दिया गया था। इन सभी 111 कर्मचारियों को जनवरी 2023 से पक्के कर्मचारी का वेतन दिया जा रहा है। अतः इन 111 नियमित किये गये सफाई कर्मियों को पक्का करने में आप पार्टी या सरकार की कोई भूमिका नहीं है। क्योंकि आम आदमी पार्टी तो फरवरी 2023 में नगर निगम की सत्ता मे आई है।
प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में कहा है कि बाकी बचे 28 सफाई कर्मचारियों की जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं है, यह कहा जा सकता है कि यह नियुक्तियां भी पुरानी ही हो सकती हैं। दिल्ली नगर निगम में सबसे महत्वपूर्ण स्थायी समिति इस समय प्रभावी नहीं है। अतः बिना स्थाई समिति के नगर निगम में किसी भी निगम कर्मचारी की नौकरी पक्की नहीं हो सकती। उन्होंने मुख्यमत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि आम आदमी पार्टी की निगम की सत्ता में काबिज सरकार ने जिन सफाई कर्मचारियों को पक्की नौकरी दी है उनकी सूची उनके मोबाइल नंबरों के साथ जारी की जाये।