दिल्ली‘-एनसीआर में रविवार तक गर्मी से थोड़ी राहतः बारिश की चेतावनी

-हल्की बारिश के आसार, चलेंगी 20 से 40 किमी की गति से हवाएं

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 11 अप्रैल।
दिल्ली-एनसीआर में रहने वालों के लिए रविवार तक के लिए गर्मी से थोड़ी राहत की खबर है। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। गुरुवार की शाम तेज हवाओं और बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया। कुछ जगहों पर आंधी चलने के साथ हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का यह असर शुक्रवार को भी रहेगा। इस कारण आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद रविवार तक लगभग ऐसा ही तापमान रहेगा।
सोमवार से फिर से गर्मी के कड़े तेवर दिखेंगे। बीते दिन धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होने से लू और प्रचंड गर्मी से लोगों को राहत मिली है। 14 अप्रैल से फिर से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और तापमान 40-41 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्र में आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया था। मंगलवार को 41 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
बृहस्पतिवार को शाम 5ः30 बजे तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 39.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद शाम 5ः30 से 6ः30 बजे तक कई इलाकों में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर गया।
नोएडा में बारिश
गुरूवार शाम को शहर में हुई तेज बारिश संग चली हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। गर्मी से कुछ देर के लिए राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। पारे में तीन डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। एक दिन पहले देहरादून और लखनऊ में बारिश से शहर भीग चुका था। पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। ऐसे में शहर का अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
गुरुग्राम में बदला मौसम
मौसम के बदले हुए मिजाज का असर गुरूग्राम में भी देखने को मिला। हल्की बूंदा बांदी से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बृहस्पतिवार को शहर को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। दिन भर हवाएं चली और शाम को हल्की बूंदा बांदी हुई। पिछले दिनों तापमान 40 डिग्री तक चला गया था। हवाओं के बावजूद शहर का औसत एक्यूआई 129 वायु गुणवत्ता के हिसाब से खराब रही।