सलिमा टेटे होंगी FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 टीम की कप्तान

-हाॅकी इंडिया ने की भारतीय टीम के खिलाड़ियों की घोषणा

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 17 जुलाई।
हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान मिडफील्डर सलिमा टेटे को सौंपी गई है। मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने चयनित टीम को अनुभव और युवा प्रतिभा का संतुलित मिश्रण बताया। बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाला एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 15 से 30 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा।
बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय शिविर में तैयारी कर रही भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। इन खिलाड़ियों ने हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों, विशेषकर पिछले महीने न्यूजीलैंड में खेले गए एफआईएच नेशंस कप में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां भारत ने अपराजित रहते हुए खिताब अपने नाम किया था।
गोलकीपर के रूप में सविता और बिचू देवी खरिबाम को चुना गया है। रक्षापंक्ति में इशिका चैधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथांतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं। मिडफील्ड में कप्तान सलिमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग खेलेंगी। फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को जगह मिली है।
मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने कहा कि हमने ऐसी संतुलित टीम चुनी है जो इस गर्मी में हमारे सामने आने वाली बड़ी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है। खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से पहले कड़ी मेहनत की है और हमें उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलते हुए हम सबसे बड़े मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं।
भारत को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एम्सटेलवीन स्थित वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगा।
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम
गोलकीपरः
सविता, बिचू देवी खरिबाम
डिफेंडरः इशिका चैधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डरः निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलिमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्डः लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग ।