राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की वसूली बंद

-सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया ऐलान
-आपात सेवाओं में तेजी लाने को लिया गया निर्णय

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
कोरोना के साथ लड़ाई के चलते देशभर में लॉकडाउन के दौरान मोदी सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स की वसूली बंद करवा दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार देर शाम इसका ऐलान किया। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए देश भर में लॉकडाउन कर दिया गया है। ऐसा लॉकडाउन में आपात सेवाओं का काम आसान करने के लिए देश में अस्थायी तौर पर किया गया है।
नितिन गडकरी ने कहा कि देश के सभी टोल प्लाजा पर टोल लेने का काम पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस फैसले से एक ओर आपात सेवाओं में लगे लोगों का समय बचेगा तो दूसरी ओर टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारी भी कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रह सकेंगे। सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़कों के रखरखाव और टोल प्लाजा पर आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता हमेशा की तरह जारी रहेगी।
देशभर में जारी लॉकडाउन के दौरान राजमार्गों पर केवल आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति है। ऐसे में केवल जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने वाले ट्रक, अनिवार्य सेवाओं से संबंधित सरकारी वाहन और एंबुलेंस ही आ जा रहे हैं। लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करने के लिए सभी राज्य सरकारों ने अपनी-अपनी अंतरराज्यीय सीमाओं को भी पूरी तरह से सील कर दिया है। जगह-जगह पर चेप पोस्ट लगाकर पुलिस द्वारा आने-जाने वालों की जांच की जा रही है।
बता दें कि कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में बढ़ता जा रहा है। हिंदुस्तान में इससे निपटने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया है। गुरूवार को इसका दूसरा दिन है। लॉकडाउन की वजह से आम लोगों को जरूरी समान की किल्लत हो रही है। हालांकि राज्य सरकारें लोगों की लगातार मदद करने की कोशिश कर रही हैं।