राम रहीम को जेल में बब्बर खालसा से खतरा

-हरियाणा के जेल मंत्री ने किया आतंकी से खतरे का खुलासा
-साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक जेल में बंद है राम रहीम

टीम एटूजैड/ रोहतक
साध्वी के यौन शोषण मामले में जेल की हवा खा रहे गुरमीत राम रहीम को अपनी जान का खतरा हो गया है। हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह ने डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्‍होंने बताया कि गुरमीत राम रहीम की जान को बब्‍बर खालसा जैसे संगठनों से खतरा है। यही कारण है कि उसे रोहतक की सुनारिया जेल में रखा गया है। उसे जेल में बंद अन्य कैदियों से अलग रखा जा रहा है।
रणजीत सिंह ने बताया कि गुरमीत को आंतकी संगठन बब्‍बर खालसा व कई दूसरे संगठनों से जान का गंभीर खतरा रहा है। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय व भारत सरकार की अनुमति से लिया गया है। इसी खतरे की वजह से जेल में आयोजित जीरो बजट खेती के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी गुरमीत को शामिल नहीं किया गया।
विदेशों की तर्ज पर जेलों का सुधार
हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि आस्ट्रेलिया की जेलों में कैदियों को अच्छी सुविधाएं दी जा रही हैं। हरियाणा की जेलें आस्ट्रेलिया जैसी तो नहीं हैं लेकिन इन्हें बेहतर बनाया जा रहा है। जेलों में सुधार को लेकर कई योजनाएं बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात करके इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। जीरो बजट खेती की परियोजना भी इनमें से एक है।
जैमर लगाने पर हो रहा विचार
जेलों में कैदियों द्वारा मोबाइल फोन इस्तेमाल के सवाल पर रणजीत सिंह ने कहा कि यहां की जेलों में जैमर लगाने पर विचार किया जा रहा है। कुछ दूसरे विकल्पों पर भी मंथन किया जा रहा है।