दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप… मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

-राजधानी दिल्ली में 3 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, अगले तीन दिन जारी रहेगी कड़ाके की ठंड
-हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों के मुकाबले दिल्ली में ज्यादा कड़ाके की ठंड

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 5 जनवरी, 2023।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर से लेकर देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली में गुरूवार (5 जनवरी) को लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में यह इस मौसम का सबसे ठंडा दिन है। सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरूवार की सुबह 6ः10 बजे यह 3.2 डिग्री और 6ः10 से 8ः30 बजे के बीच 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कोहरे की चादर में लिपटी राजधानी दिल्ली हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी हो गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किय है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी। इसके बाद ठंड में कुछ कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों तक उत्तराखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तराखंड और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भी घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र नई दिल्ली के अनुसार 5 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। राजधानी में 6 और 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 8 जनवरी रविवार को राजधानी में सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन में बादल साफ रहेंगे। 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
केदारनाथ की पहाड़ियों पर नहीं पड़ी बर्फ, कश्मीर में पारा जमाव बिंदु से नीचे
इस साल जनवरी के पहले सप्ताह में भी केदारनाथ धाम समेत आसपास की पहाड़ियां बिना बर्फ के दिखाई दे रही हैं। आमतौर पर केदारनाथ में दिसंबर के मध्य से जोरदार बर्फबारी होने लगती है और जनवरी आते-आते बर्फ की लगभग आठ फीट मोटी चादर बिछ जाती थी। इस बार तस्वीर पूरी तरह बदली हुई है। बर्फबारी न होने की वजह से अभी भी धाम में पुनर्निर्माण के काम चल रहे हैं, हालांकि कड़ाके की ठंड के चलते इनकी गति बेहद धीमी है।
कश्मीर में लगातार तीसरे दिन भी तापमान में गिरावट आई है। कश्मीर में सभी जगह न्यूनतम पारा जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शिमला से कम तापमान ऊना का दर्ज किया गया है। बुधवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री व ऊना का तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में चंद्रभागा नदी सहित तमाम जलश्रोत जमने लगे हैं। कुछ क्षेत्रों में पेयजल श्रोत जमने से पानी की किल्लत होने लगी है।