AAP के तीन में से एक ही विपक्ष के नेता बचा पाये इज्जत… प्रेम चौहान ने 6 हजार के अंतर से जीता चुनाव

-उत्तरी निगम में विपक्ष के नेता रहे विकास गोयल बीजेपी के उम्मीदवार से हारे
-ईस्ट निगम में विपक्ष के नेता रहे मनोज त्यागी सादतपुर सीट पर मुश्किल में
-साउथ नगर निगम में विपक्ष के नेता रहे हैं प्रेम चौहान

हीरेन्द्र राठौड़/ नई दिल्ली: 7 दिसम्बर, 2022।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। हालांकि पूर्व की उत्तरी दिल्ली नगर निगम व पूर्वी दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता रहे निगम पार्षद इस बार के चुनाव में पिछड़ गए हैं। लेकिन दक्षिणी दिल्ली निगम में विपक्ष के नेता रहे प्रेम चौहान ने 6 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से चुनाव जीतकर आम आदमी पार्टी का परचम लहराया है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने अपने तीनों निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष प्रेम चौहान को दक्षिणपुरी, विकास गोयल को केशवपुरम और मनोज त्यागी को सादतपुर वार्ड से निगम चुनाव में उतारा था। सादतपुर वार्ड संख्या 247 से मनोज त्यागी की पत्नी रेखा त्यागी चुनाव लड़ी हैं। निगम चुनाव में केवल प्रेम चौहान ही फिर नगर निगम में वापसी कर पाए हैं। जबकि विकास गोयल बीजेपी के योगेश वर्मा से करीब 2400 वोट से हार गए हैं और मनोज त्यागी की पत्नी रेखा त्यागी बीजेपी की नीता बिष्ट से चुनाव हार गई हैं।