नॉर्थ डीएमसीः एक ओर वर्षा जोशी के ट्रांसफर ऑर्डर्स पर हो रहे थे दस्तखत… दूसरी ओर ओर पेंशन जारी

-नगर निगम के रिटायर्ड कर्मियों की एक माह की पेंशन आना शुरू
-कोरोना से जंग लड़ रहे पूर्व निगमकर्मियों को पेंशन के रूप में राहत
-सेलरी मामले में डॉक्टर्स की मदद को आईएमए और डीएमए आगे आए

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पूर्व कर्मियों के लिए राहत की खबर है। तीन माह से पेंशन की राह देख रहे इन ए और बी श्रेणी के रिटायर्ड कर्मचारियों की फरवरी महीने के पेंशन आ गई है। निगमकर्मियों को उम्मीद है कि जिस तरह से पूर्व कमिश्नर वर्षा जोशी ने निगम के हालात बिगाड़े हैं, उससे उनकी सेलरी जल्दी आना मुश्किल है। यही कारण है कि अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कोरोना वॉरियर्स को सेलरी देने की मांग को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन भी मैदान में कूद पड़े हैं।

यह भी पढ़ेंः- नॉर्थ कमिश्नर पद से वर्षा जोशी की छुट्टी

बता दें कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में फिलहाल अधिकारियों और कर्मचारियों की सेलरी एक साथ आ रही है। इन दोनों नगर निगमों में पूर्व कर्मियों की पेंशन का भुगतान भी अपटूडेट है। लेकिन उत्तरी दिल्ली नगर निगम में यह स्थिति नहीं है। यहां ए, बी व सी श्रेणी कर्मचारियों की फरवरी, मार्च और अप्रैल महीने की सेलरी बकाया है।

यह भी पढ़ेंः- शराब घोटालाः खरखौदा की अवैध शराब…लॉकडाउन में दिल्ली में करोड़ों का कारोबार
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने अपने पूर्व कर्मचारियों में से केवल डी श्रेणी के कर्मचारियों को फरवरी महीने की पेंशन का भुगतान किया था। उनके अलावा ए, बी व सी श्रेणी के पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों को फरवरी महीने की पेंशन का भुगतान अब गुरूवार से किया गया है। गुरूवार को एक ओर कमिश्नर वर्षा जोशी के ट्रांसफर ऑर्डर्स आए तो दूसरी ओर रिटायर्ड कर्मचारियों को फरवरी महीने की पेंशन का मैसेज मिला था।

पेंशन के मुद्दे पर भी भिड़ती रहीं वर्षा जोशी
नगर निगम के पूर्व कर्मचारियों की पेंशन की मांग पर उत्तरी दिल्ली की आयुक्त के पद पर रहते हुए वर्षा जोशी आम तौर पर भिड़ जाती थीं। वह यह भी नहीं देखती थीं कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक निगम आयुक्त को किस तरह की भाषा का प्रयोग करना चाहिए। एक पेंशनभोगी पूर्व कर्मचारी नीलम आहूजा ने जब ट्विटर पर पेंशन की मांग की तो निगम आयुक्त उनके साथ भी ट्विटर पर ही भिड़ गई थीं। इसके बाद कई दूसरे ट्विटर हेंडल पर लोगों ने वर्षा जोशी की बहुत किरकिरी की थी।

डॉक्टर्स के संगठन मैदान में
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्थन में अब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन भी मैदान में आ गई हैं। दोनों संगठनों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीसे पत्र लिखकर निगम के कोरोना वॉरियर्स को सेलरी दिलाने की मांग की गई है। बता दें कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले लंबे समय से एरियर्स का भुगतान भी नहीं किया गया है। एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन आयुक्त वर्षा जोशी ने इसके लिए कोई प्रयास ही नहीं किए। वह केवल अपने चहेते अधिकारियों को विभिन्न विभागों का मुखिया तैनात करने में लगी रहीं। इसकी वजह से एक ओर नगर निगम का काम पिछड़ता चला गया, दूसरी ओर आर्थिक रूप से भी हालत ज्यादा से ज्यादा खराब होती चली गई।