डेढ़ दर्जन सीटों पर… टिकी सबकी नजर

-मॉडल टाउन, राजेंद्र नगर, तिमारपुर और कालकाजी सीटों पर रोचक मुकाबला
-नई दिल्ली, पटपड़गंज, मटिया महल और ओखला सीटें बनीं हॉट केक

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव के चुनाव प्रचार धीरे-धीरे तेजी पकड़ रहा है। लेकिन यहां की करीब डेढ़ दर्जन सीटों पर लोगों की नजरें अभी से जम गई हैं। आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपनी ओर से सबसे मजबूत उम्मीदवार उतारने का दावा किया है। दिल्ली विधानसभा में 70 सीट हैं और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 36 सीट की जरूरत है। ऐसे में कुछ सीटों पर सीधे तो कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। लेकिन कुछ ऐसी सीटें भी हैं जिन पर मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है।
लोगों की नजर जिसन सीटों पर टिकी है उनमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की पटपड़गंज सीट शामिल हैं। दिलचस्प मुकाबले वाली सीटों में मटिया महल, मॉडल टाउन, राजेंद्र नगर, कालकाजी, ओखला, गांधी नगर, कृष्णा नगर, चांदनी चौक, द्वारका और मंगोलपुरी सीटों का नाम भी लिया जा रहा है। बल्ली मारान, पटेल नगर, दिल्ली कैंट, बवाना, सीमापुरी और संगम विहार सीटों पर भी मुकाबला कुछ इसी तरह का रहने वाला है।
मॉडल टाउन बनी हाईटेक सीट
मॉडल टाउन से बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के बागी कपिल मिश्रा को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है। आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए मिश्रा दिल्ली सरकार और केजरीवाल पर लगातार हमलावर रहे हैं। कांग्रेस ने यहां से पूर्व विधायक कुंवर करन सिंह की बेटी आकांक्षा ओला मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी से इस सीट पर 2 बार के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी को फिर से मौका मिला है। कपिल मिश्रा सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव रहते हैं। इसके चलते यह सीट हाईटेक हो गई है।
गांधी नगर, कृष्णा नगर, बल्लीमारान से पूर्व मंत्री मैदान में
गांधी नगर, कृष्णा नगर और बल्लीमारान सीटों से कांग्रेस ने अपने तीन बड़े चेहरों को मैदान में उतारा है। गांधी नगर से कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली, डॉ अशोक कुमार वालिया कृष्णा नगर और हारून यूसुफ बल्लीमारान से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने गांधी नगर से आप के बागी अनिल बाजपेयी को उतारा है। वहीं कृष्णा नगर से अनिल गोयल और बल्लीमारान सीट से बीजेपी ने लता सोढ़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है। आप की ओर से कृष्णा नगर से एसके बग्गा व बल्ली मारान से मंत्री इमरान हुसैन को फिर से मैदान में हैं।
कालकाजी में आप-कांग्रेस-बीजेपी की टक्कर
कालकाजी सीट पर इस बार रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी को पार्टी ने टिकट दिया है। शिवानी के खिलाफ आम आदमी पार्टी की ओर से आतिशी उम्मीदवार हैं। आतिशी ने 2019 में पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ा था। बीजेपी ने इस सीट से धर्मवीर सिंह को टिकट दिया है। यदि कांग्रेस यहां से थोड़ी सी मजबूत होती है तो इसका लाभ बीजेपी को मिल सकता है।
राजेंद्र नगर में लोकसभा चुनाव हारे राघव आप उम्मीदवार
राजेंद्र नगर सीट से आम आदमी पार्टी ने अपने सिटिंग विधायक का टिकट काटकर लोकसभा चुनाव हारे राघव चड्ढा को अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने यहां से 2015 में विधानसभा चुनाव हाने आरपी सिंह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने इस सीट पर युवा चेहरे के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रॉकी तुसीद को मैदान में उतारा है।
चांदनी चौक में पार्टी बदली, चेहरे वही
चांदनी चौक सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प रहेगा। कारण है कि यहां एक बार फिर 2015 जैसा नजारा ही दिख रहा है। 2015 में तीनों दलों की ओर से चुनाव लड़े उम्मीदवार एक बार फिर इस सीट पर चुनाव मैदान में हैं। फर्क केवल इतना है कि आम विधायक रहीं अलका लांबा अब कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार रहे प्रहलाद सिंह साहनी इस बार आप के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। बीजेपी ने 2013 और 2015 के दोनों चुनाव हार चुके सुमन कुमार गुप्ता पर तीसरी बार भरोसा जताया है। अलका लांबा ने 2015 में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।