बुरा नहीं मेरा प्रोफेशन, करोड़ों प्रशंसक हैंः डांसर सपना चौधरी

-भाजपा देश में सबसे अच्छी पार्टी, प्रभावित करती हैं पीएम मोदी की नीतियां

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
डांसर सपना चौधरी अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। सोमवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उन्हें मीडिया से मिलवाया। मीडिया इंट्रेक्शन में वह नेता की तरह तो नजर नहीं आईं लेकिन उन्होंने अपनी बात बड़े बेबाक अंदाज में मीडिया के सामने रखी। सपना ने कहा कि वह केवल डांसर ही नहीं गाना भी अच्छा गाती हैं। उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर जनता के लिए काम नहीं करने का आरोप भी लगाया। सपना ने अपने प्रोफेशन के बारे में कहा कि यह काम गलत होता तो आज उनके करोड़ों प्रशंसक नहीं होते। सपना ने यह भी कहा कि जो लोग मुझे पसंद नहीं करते मैं उन्हें पसंद नहीं करती।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और डांसर सपना चौधरी ने प्रेस वार्ता में सदस्यता अभियान और दूसरे मुद्दों पर पूछे गये तीखे सवालों का बेबाकी से जवाब दिये। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।

6 जुलाई से शुरू हुआ भाजपा का सदस्यता अभियान
भाजपा के सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुये मनोज तिवारी ने कहा कि 6 जुलाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस के अवसर पर सदस्यता अभियान की शुरूआत करने का एक विशेष महत्व है। डॉ. मुखर्जी के अथक परिश्रम से ही जम्मू कश्मीर में परमिट राज खत्म हुआ नहीं हो आज भी जम्मू कश्मीर में जाने के लिए हमें बीजा बनवाना पड़ता, पश्चिम बंगाल अगर आज देश का हिस्सा है तो वह डॉ. मुखर्जी के कारण, लेकिन इस ऐतिहासिक तथ्य को आम जन मानस को उतना नहीं पता जितना पता होना चाहिये था।

नेहरू को ठहराया जिम्मेदार
पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के कारण न सिर्फ जम्मू कश्मीर का एक बड़ा हिस्सा हिन्दुस्तान से पाकिस्तान में चला गया और चीन ने भी एक बड़ा हिस्सा अपने कब्जे में ले लिया। दिल्ली में कल शुरू हुये ऐतिहासिक सदस्यता अभियान में अलग-अलग क्षेत्रों के 8 प्रमुख व्यक्तियों ने भाजपा की सदस्यता ली जिसमें सुश्री सपना चैधरी एक हैं। आने वाले समय में भी हर वर्ग, हर समाज के लोगों के प्रबुद्ध लोग पार्टी की सदस्यता लेंगे।

केजरीवाल सरकार पर निशाना
तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर हमला बोलते हुये कहा कि केजरीवाल ने भ्रष्टाचार की सभी सीमायें तोड़ दी है। दिल्ली की जनता को रूलाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान के प्रति लोगों का बढ़ता रूझान यह बताने के लिए काफी है कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी सरकार से कितने नाराज हैं। जिस दिल्ली में यमुना नदी बहती हो वहां पर पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है लेकिन दिल्ली सरकार को जनता की कोई चिंता नही है। साढ़े चार साल पहले जब केजरीवाल राजनीति में आये थे तो दिल्ली की जनता को उनसे बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन उन्होंने जितने भी वादे किये उसमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया, बल्कि कर दाताओं की गाढ़ी कमाई का पैसा दिल्ली एवं दूसरे राज्यों में पार्टी के विस्तार के लिए विज्ञापनों में खर्च किये।
सपना चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के कुशल नेतृत्व से प्रभावित हो कर भारतीय जनता पार्टी में आई हूँ क्योंकि भारतीय जनता पार्टी एक सकारात्मक सोच वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुये चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में सम्मान बढ़ा है। इसलिये मोदी के बिना देश सूना लगता है। मोदी जी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैं लोकसभा चुनाव में भी पार्टी के लिए प्रचार किया।

सपना को पसंद नहीं केजरीवाल

केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुये सपना चौधरी ने कहा कि जो व्यक्ति किसी का सम्मान नहीं कर सकता है वह जनता के हित में क्या काम करेगा, हर व्यक्ति का आत्म सम्मान है और उसे अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है। केजरीवाल से दिल्ली की जनता को बहुत उम्मीदें थी लेकिन उन्होंने दिल्ली में आम जनता के लिए कोई काम नहीं किया। एक सवाल के जवाब में सपना चौधरी ने कहा कि मैं पार्टी में अपनी मर्जी से आई हूँ और पार्टी मेरे लिऐ जो आदेश देगी उसका सम्मान पूर्वक पालन करूंगी।