नोएडाः तीन एमएलए, डीएम, सीडीओ सहित पत्रकारों पर कोरोना का साया

-यूपी के स्वास्थ्य मंत्री ने किया था नोएडा का दौरा
-आइसोलेशन वार्ड गए, संबांधित की थी पत्रकार वार्ता

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
नोएडा के तीन विधायकों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और लगभग 50 पत्रकारों के सिर पर कोराना वाइरस का साया मंडरा रहा है। दरअसल लखनऊ में सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने वाले उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर आए थे। उन्होंने एसएसटी हॉस्टल में बनाए गए क्वॉरेंटाइन वार्ड का जायजा लिया था। इसके बाद कलेक्ट्रेट में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया था। इस प्रेस वार्ता में करीब 50 पत्रकार शामिल हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री के बारे में जानकारी सामने आने के बाद दादरी व जेवर के एमएलए सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सरकार के 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट में पत्रकार वार्ता की थी। इस मौके पर उनके साथ नोएडा के विधायक पंकज सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी बीएन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनिल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुराग भार्गव सहित करीब 50 पत्रकार शामिल हुए थे। इसके अलावा वह एससी एसटी हॉस्टल में बने क्वारेंटाइल वार्ड का जायजा लेने गए थे। इसके बाद वह वापस लखनऊ लौट गए थे।
शुक्रवार को ही यह खुलासा हुआ था कि सिंगर कनिका कपूर कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। इसके बाद लखनऊ के साथ गौतमबुद्ध नगर जिले में भी हड़कंप मच गया। दरअसल लखनऊ में हुई कनिका कपूर की पार्टी में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे थे। इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचने वाले पत्रकारों में बेचैनी बढ़ गई है। दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र िंसंह सेल्फ आइसोलेशन में चले गए।
जिला प्रशासन ने की पूरी तैयारी
गौतमबुद्ध नगर कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रति बेहद संवेदनशील है। जिले में राहत और बचाव कार्यों की कमान खुद जिलाधिकारी बीएन सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अनुराग भार्गव संभाल रहे हैं। इन हालात में अगर दुर्भाग्यवश कोई समस्या उत्पन्न होती है तो बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। माना जा रहा है कि बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की नासमझी बड़ी समस्या बन गया है।
मंडलायुक्त ने की समीक्षा
स्वास्थ्य मंत्री की पत्रकार वार्ता के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में गुरुवार की शाम को बैठक हुई थी। इसमें कोरोना वायरस की रोकथाम के संसाधनों पर चर्चा की गई थी। इस बैठक में मंडलायुक्त अनीता मेश्राम, डीएम बीएन सिंह, सीईओ नोएडा प्राधिकरण ऋतु माहेश्वरी, सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण नरेंद्र भूषण व सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव शामिल हुए थे।
नहीं थी जानकारी
दादरी से बीजेपी विधायक तेजपाल नागर ने कहा है कि स्वास्थ्य मंत्री गौतमबुद्ध नगर आए तो उन्हें जानकारी नहीं थी कि कनिका कपूर कोरोना से संक्रमित हैं। लोगों की सहूलियत के लिए मैं खुद को आइसोलेट कर रहा हूं। ताकि मेरी वजह से किसी और को परेशानी नहीं हो। अभी मंत्री जी की जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
खुद को आइसोलेट किया
जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। इस मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। मंत्री जी की जांच रिपोर्ट आ जाने दीजिए। घबराने की जरूरत नहीं है। हम सब लोग मिलकर इस वायरस को भगाएंगे।
घबराने की जरूरत नहीं
नोएडा के जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की लखनऊ में जांच की जा रही है। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे के कदम पर निर्णय लिया जाएगा। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को मिलकर एहतियात बरतना चाहिए ताकि कोराना वाइरस के प्रकोप से बचा जा सके।