-अतिक्रमण और जलभराव पर कार्रवाई के निर्देश
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 08 अक्टूबर।
दिल्ली नगर निगम की ट्रेडिंग जोन कमेटी के सदस्य गोयल के साथ निगमायुक्त श्री संजीव खिरवार ने मोलड़बंद वार्ड का दौरा कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क, नालियों, जलभराव, अतिक्रमण तथा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी निगमायुक्त को दी।
निरीक्षण के दौरान गुड़गांव नहर के साथ सड़क पर मौजूद विभिन्न समस्याओं को लेकर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र में अव्यवस्थित रूप से संचालित गतिविधियों तथा सड़क किनारे फैले सामान और अतिक्रमण को हटाने पर भी जोर दिया गया।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ताजपुर पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी की समस्या भी सामने आई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी को पंप के माध्यम से निकालकर निर्धारित व्यवस्था के तहत निस्तारित किया जाए, ताकि क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को केवल अस्थायी तौर पर दूर करने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। सड़क, नालियों और जल निकासी से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। निरीक्षण के दौरान निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


