MCD आयुक्त ने की ओखला लैंडफिल पर बायो-रिमेडिएशन कार्य की समीक्षा

-संजीव खिरवार ने किया लैंडफिल साइट का दौरा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 मई।
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर वहां चल रहे बायो-रिमेडिएशन और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने आयुत्त संजीव खिरवार को बायोमाइनिंग गतिविधियों की वर्तमान स्थिति तथा लैंडफिल साइट पर चल रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया। इस दौरान मध्य क्षेत्र के उपायुक्त शाश्वत सौरभ, प्रमुख अभियंता पी.सी मीणा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट पर बायो माइनिंग के कार्य में लगी ट्रामल मशीन के परिचालन को देखा एवं बायो माइनिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित समय सीमा में लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी कचरे को खत्म किया जा सके। निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय ने निर्माण एवं विध्वंस कचरे का प्रसंस्करण करने वाले संयंत्र का निरीक्षण किया। आयुक्त श्री संजीव खिरवार ने ओखला इंजीनियर्ड सैनिटरी लैंडफिल साइट एवं ओखला कंपोस्ट प्लांट का भी निरीक्षण किया।
आयुक्त ने किया कृष्णा मार्केट के कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण
संजीव खिरवार ने मंगलवार को ही लाजपत नगर के कृष्णा मार्केट में बन रहे वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत की तथा वहां उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस केंद्र का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। निगमायुक्त श्री संजीव खिरवार ने कम्युनिटी सेंटर की खाली पड़ी मंजिलों को आउटसोर्स करने के निर्देश दिए ताकि दिल्ली नगर निगम के राजस्व को बढ़ाया जा सके।