मुरादाबादः 7 महिलाओं सहित 24 दंगाई गिरफ्तार

-तीन घंटे तक बने रहे दंगे के हालात, पांच स्वास्थ्यकर्मी घायल
-स्वास्थ्य व पुलिस टीम पर गलियों और छतों से जमकर पत्थरबाजी

टीम एटूजैड/ मुरादाबाद
कोरोना पीड़ितों को क्वारंआइन करने के लिए घरों से लेने पहुंची स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पर पत्थरबाजी करने वाले 24 दंगाईयों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामला राज्य के मुरादाबाद जिले का है। हमले की घटना बुधवार 15 अप्रैल को हुई थी, जिसमें पांच स्वास्थ्यकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए थे। बता दें कि हमले में पुलिस की गाड़ियां और एम्बुलेंस भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर चार थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में किया। इसके बावजूद दंगाईयों ने पुलिस की टीमों पर तीन घंटे तक पत्थरबाजी जारी रखी।
घटना उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के नागफनी थानांतर्गत हाजी नेब की मस्जिद इलाके की है। यहां पुलिस की मौजूदगी में भी दंगाईयों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करके हमलावर पुरुषों की धरपकड़ कर ली। इसके बाद दंगे और पत्थरबाजी का मोर्चा महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया। घरों की छतों पर आकर उन्होंने जमकर पत्थरबाजी की। मौके पर मौजूद डीएम राकेश कुमार सिंह और एसएसपी अमित पाठक लगातार लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे।
घरों से खींच कर निकालने पड़े दंगाई
मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम पर पत्थरबाजी की सूचना पाकर सीओ कोतवाली राजेश कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट लालता प्रसाद शाक्य घटना स्थल पर पहुंच गए। थोड़ी देर में एसपी सिटी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पुलिस बल लेकर पहुंचे। पुलिस टीम ने पत्थरबाजी की घटना के बाद मोहल्ले में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने एक-एक घर में घुसकर पत्थरबाजी के संदिग्ध हमलावरों को पकड़ा। इस दौरान कुछ घरों में महिलाओं ने पुलिस को घुसने से रोकने की कोशिश की तो महिला पुलिस बुलाकर उन्हें नियंत्रित किया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने करीब 24 लोगों को अलग-अलग घरों से उठाया है। इनमें सात महिलाएं शामिल हैं।
देर रात तक की गई गिरफ्तारी
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने इलाके के गणमान्य लोगों के साथ लॉक डाउन का पालन करने की अपील की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की अपील पर शुरू में पत्थरबाजी बंद हो गई। लेकिन कुछ देर बाद फिर से शुरू भी हो गई। कई बार इलाके के हालात बनते और बिगड़ते रहे। दोपहर एक बजे शुरू हुआ बवाल अपरान्ह तीन बजे के बाद तक जारी रहा। बाद में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात पुलिस ने सात महिलाओं सहित 24 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के आदेश
मामले की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के जरिए दंगाईयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी वारदातों को बरदाश्त नहीं किया जा सकता। दंगाईयों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य व पुलिस टीम पर पत्थरबाजी करने वालों के द्वारा सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए वसूली की जाए।