-एमसीडी के 1514 विद्यालयों में जारी है निर्बाध पढ़ाईः वाही
-डेढ़ साल पूर्व भी 1514 प्राईमरी विद्यालयों का संचालन कर रहा था एमसीडीः महापौर
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 22 मई।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के प्राईमरी स्कूल बंद करके वहां आयुष्मान अरोग्य मंदिर खोलने को लेकर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग का बयान झूठ का पुलिंदा है।
आज से लगभग डेढ़ साल पहले जब भाजपा ने दिल्ली विधानसभा का चुनाव जीता और फिर नगर निगम प्रशासन में भी लौटी तब दिल्ली नगर निगम के 1514 चालू स्कूल थे जहां से लगभग 6.50 लाख छात्र शिक्षा पा रहे थे और आज भी यह सभी 1514 प्राईमरी स्कूल चालू हैं।
महापौर ने कहा कि भाजपा दिल्ली नगर निगम के स्कूलों के विस्तार एवं विकास को कटिबद्ध है और हम 2032 तक दिल्ली नगर निगम के सभी स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम में विकसित करेंगे। एमसीडी की भाजपा सरकार दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम के विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर से बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली नगर निगम दिल्ली सरकार की तर्ज पर निगम श्री विद्यालय बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
महापौर प्रवेश वाही ने दावे के साथ कहा कि दिल्ली नगर निगम के कोई भी विद्यालय बंद नहीं हुआ है अपितु दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में छात्रों की संख्या बढ़ी है। आम आदमी पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक बयानबाजी वाली पार्टी बनकर रह गई है इन्हें नागरिकों की समस्याओं व उनसे संबंधित विकास कार्यों से कोई सरोकार नहीं है। आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली में ना रहकर गोवा व पंजाब में रहते हैं जिसके कारण ये लोग दिल्ली के नागरिकों की भावनाओं को नहीं समझते हैं और सिर्फ झूठे आरोप लगाने की राजनीति करते हैं।


