Ashwini Gyanesh

MCD कमिश्नर ज्ञानेश भारती का होगा ट्रांसफर… मेयर चुनाव से पहले हो सकती है नये कमिश्नर की नियुक्ति!

-1991 बैच के आईएएस मनीष गुप्ता को मिल सकती है निगम की कमान

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 30 दिसंबर, 2022।
दिल्ली नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती के ट्रांसफर की चर्चा शुरू हो गई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक अगले दो-तीन दिन में ज्ञानेश भारती को निगम के कमिश्नर के पद से ट्रांसफर हो सकता है। बताया जा रहा है कि मेयर का चुनाव होने से पूर्व दिल्ली नगर निगम को नया कमिश्नर मिल सकता है।
गौरतलब है कि मेयर, डिप्टी मेयर व स्थायी समिति के लिए 6 सदस्यों का चुनाव 6 जनवरी 2023 को होना है। इससे पहले ज्ञानेश भारती को किसी दूसरे पद पर भेजा जा सकता है। हालांकि नगर निगम के कमिश्नर के लिए कई आईएएस अधिकारियों का नाम चर्चा में है। लेकिन दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वाइस चेयरमैन मनीष गुप्ता का नाम ज्यादा चर्चा में है। मनीष गुप्ता 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
बता दें कि 1998 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश भारती ने सितंबर 2019 में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त का कार्यभार संभाला था। इससे पूर्व उत्तरी दिल्ली नगर निगम की कमिश्नर रहीं वर्षा जोशी ही दक्षिणी निगम का कामकाज संभाल रही थीं। उस लिहाज से ज्ञानेश भारती को नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर आये हुए 3 साल से ज्यादा का समय हो गया है। विशेष बात है कि 6 जनवरी 2023 से दिल्ली नगर निगम में स्पेशल ऑफिसर का पद भी खत्म हो जायेगा।