MCD-CBI रेड मामलाः दो बड़े अफसरों पर गिरने वाली है गाज?

-एक अतिरिक्त आयुक्त के पीए से सीबीआई ने की दो दिन तक पूछताछ!

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 01 अक्टूबर।
दिल्ली नगर निगम में तैनात दो बड़े अफसरों के ऊपर सीबीआई की गाज जल्दी ही गिर सकती है। सूत्रों की मानें तो विज्ञापन विभाग में भ्रष्टाचार और एमसीडी में कर्मचारियों की नियुक्ति एवं ट्रांसफर के मामले में यह दोनों अधिकारी ‘नापे’ जा सकते हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 16 एवं 17 सितंबर को एमसीडी मुख्यालय में छापेमारी के बाद गिरफ्तार किये सरकारी कर्मचारियों से पूछताछ के बाद सामने आई जानकारी के बाद कड़ियों को मिलाना शुरू कर दिया है।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने मामले से संबंधित एक अतिरिक्त आयुक्त के पीए से दो दिन तक पूछताछ की है। सीबीआई के हाथ गिरफ्तार आरोपियों और एमसीडी के आला अधिकारियों के बीच हुई बातचीत और व्हाट्सएप चैटिंग की डिटेल लग गई है। जिसके बाद सीबीआई यह जानने में जुटी है कि गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपी किस अधिकारी के इशारे पर इतनी बड़ी धनराशि इकट्ठा कर रहे थे और इतने बड़े स्तर पर एमसीडी को चूना लगाते आ रहे थे?