महापौर प्रवेश वाही ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को दी श्रद्धांजलि

-महापौर ने चरती लाल गोयल हैरिटेज पार्क का किया निरीक्षण

एसएस ब्यूरोध् नई दिल्लीः 17 जून।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को उनके जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली के नागरिकों की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रवेश वाही ने अन्तर्राजीय बस अड्डे के सामने ऐतिहासिक कुदसिया बाग में स्थापित महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, कमल बागड़ी, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया, जो देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। महाराणा प्रताप को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए प्रवेश वाही ने कहा कि महाराणा प्रताप एक महान योद्धा थे, जिन्होंने मुगल साम्राज्य के साथ लंबी लड़ाई लड़ी और अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने अपने जीवनकाल में जो अनुकरणीय साहस और अद्भुत वीरता दिखाई, वह आज भारत के नागरिकों के लिए अनुकरणीय है।
मरघट वाले हनुमान मंदिर परिसर का दौराः
महापौर प्रवेश वाही ने मरघट वाले हनुमान मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया एवं मंदिर परिसर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ दिल्ली-हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
चरती लाल गोयल हैरिटेज पार्क का निरीक्षण:
प्रवेश वाही ने बुधवार को पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के निकट स्थित चरती लाल गोयल हैरिटेज पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व सांसद विजय गोयल, निगमायुक्त संजीव खिरवार, सिटी एस पी क्षेत्र की उपायुक्त कनिका सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महापौर प्रवेश वाही ने पार्क के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पार्क के बेहतर रखरखाव के लिए समुचित संख्या में कार्यबल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में जाने के लिए सुविधा शुल्क लगाने की पुरानी व्यवस्था लागू करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पार्क के आस पास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।