ख्याला वार्ड में मंत्री रविंद्र इंदरराज सिंह के साथ स्वच्छता अभियान में शामिल हुए महापौर

-ख्याला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गएः प्रवेश वाही
-जनसहभागिता का अभियान स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदमः रविन्द्र इंद्राज

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 17 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही द्वारा ख्याला वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, पार्षद शिल्पा कौर व अन्य पदाधिकारी, दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने, मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह के सहयोग से, गुरु नानक नगर में आउटर रिंग रोड पर पड़े कूड़े को उठाया और स्थान पर झाड़ू लगाई। प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देश में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरण किया है। उनके 12 स्वर्णिम वर्षों के कार्यकाल को समर्पित ख्याला क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
प्रवेश वाही ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए और कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अधिकारी नियमित रूप से दौरा करें।
दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह ने बताया कि जनसहभागिता से संपन्न यह अभियान स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी को मिलकर मोदी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने और दिल्ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान में स्थानीय नागरिकों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। क्षेत्रवासियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से जमा कचरा हटने से इलाके में स्वच्छता का वातावरण बना है।