मेयर चुनावः प्रोमिला, प्रेम, प्रवीन व गोयल के नामों का शोर… AAP का अपने कैडर पर जोर

-मेयर चुनाव से पहले होनी है नेता सदन की घोषणा

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 22 दिसंबर, 2022।
मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की आधिकारिक घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) के विभिन्न पदों के चयन को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। क्योंकि आम आदमी पार्टी नगर निगम में पूर्ण बहुमत में है, अतः मेयर, डिप्टी मेयर व दूसरे कई प्रमुख पद उसी के पास रहने हैं। मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव 6 जनवरी को होना है और इसके लिए 27 दिसंबर तक नामांकन दाखिल किये जाने हैं। अतः आप नेताओं का सारा जोर फिलहाल इन्हीं पदों के लिए अपने पार्षदों के नाम फाइनल करने पर है।
आम आदमी पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि पार्टी का सारा जोर अपने कैडर बेस्ड पार्षदों को आगे लाकर निगम (MCD) की कमान सोंपने पर है। हालांकि कांग्रेस सहित दूसरे दलों से आये हुए नेताओं ने इस बार आप के टिकट पर चुनाव लड़ा है। उनमें से कई जीतकर भी आये हैं। लेकिन आप नेतृत्व चाहता है कि निगम की ज्यादातर बड़ी जिम्मेदारियां अपने पुराने लोगों को ही दी जायें।
पहले वर्ष में महिला पार्षद को मेयर बनना है अतः इसके लिए प्रोमिला गुप्ता का नाम करीब-करीब फाइनल माना जा रहा है। प्रोमिला गुप्ता और उनका परिवार आम आदमी पार्टी के पुराने सदस्य-कार्यकर्ता हैं। उन्होंने 2017 में भी निगम का चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय वह हार गई थीं। अब वह तिमारपुर वार्ड से आप की निगम पार्षद हैं और दिल्ली महिला आयोग की सदस्य भी हैं। हालांकि मेयर के पद की दावेदारी कई दूसरी महिला नेता भी कर रही हैं।
मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद सबसे महत्वपूर्ण स्थायी समिति (Standing Committee) के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। इसके लिए सबसे ऊपर प्रेम चौहान और प्रवीण कुमार के नाम बताये जा रहे हैं। दोनों ही दोबारा निगम का चुनाव जीतकर आये हैं और पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। प्रेम चौहान दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में लंबे समय से विपक्ष के नेता रहे हैं और निगम का खासा अनुभव भी है। गौरतलब है कि मेयर के साथ ही स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का भी चुनाव होना है। 6 में से 4 सदस्य आम आदमी पार्टी के चुने जा सकते हैं। इसी से स्पष्ट हो जायेगा कि आप किस-किस को स्टेंडिंग कमेटी में भेजने जा रही है।
मेयर चुनाव से पहले होगी नेता सदन की घोषणा!
दिल्ली नगर निगम में नेता सदन के पद की विशेष स्थिति होती है। ज्यादातर दल किसी अनुभवी व्यक्ति को इस पद पर रखते हैं। बीजेपी ने इस पद पर लंबे समय तक सुभाष आर्य को नेता सदन के पद पर रखा था। हालांकि निगम में यह पद संवेधानिक नहीं है। आम आदमी पार्टी में नेता सदन के पद के लिए वरिष्ठ नेता मुकेश गोयल का नाम जोरों से लिया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि आप उन्हें स्थायी समिति में भी भेज सकती है। मुकेश गोयल दिल्ली नगर निगम में सबसे वरिष्ठ और अनुभवी पार्षद हैं। वह 1997 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। मुकेश गोयल दिल्ली नगर निगम में लगातार छठी बार निगम पार्षद चुनकर आये हैं। इससे पहले वह नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष सहित विभिन्न संवैधानिक पदों पर रह चुके हैं।