मेयर चुनावः BJP ने बिछाया जाल… 3 माह का होगा AAP के मेयर का कार्यकाल

-मेयर चुनाव में 27 दिसंबर तक होगा नामांकन, 6 जनवरी तक वापसी
-उपमहापौर के साथ होगा स्थायी समिति के 6 सदस्यों का चुनाव
-पहले वर्ष महिला पार्षद के हाथों में होगी नगर निगम की कमान

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 21 दिसंबर, 2022।
आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली के नये मेयर के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिछाये जाल में फंसती नजर आ रही है। नगर निगम ने मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। लेकिन दिल्ली के नये मेयर (1st Mayor) का कार्यकाल महज तीन महीने का ही होगा। निगम सचिव कार्यालय की ओर से 21 दिसंबर को जारी नोटिस में इसका स्पष्टीकरण कर दिया गया है।
बीजेपी से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती तो इस नियम को बदला जा सकता था। क्योंकि नगर निगम में अब आप की सत्ता है, इसलिए अब पांच साल के निगम के कार्यकाल में पहला मेयर 3 महीने और आखिरी मेयर 9 महीने के लिए ही बनेगा। इसका इसका अर्थ है कि नगर निगम के 5 साल के कार्यकाल में 6 मेयर बनेंगे।
इसके साथ ही खास बात ये है कि तकनीकी रूप से दूसरे वर्ष में ही आरक्षित वर्ग के मेयर को निगम की कमान संभालने का मौका मिल जायेगा। इसके लिए नवगठित दिल्ली नगर निगम की पहली बैठक 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से बुलाई गई है। इस बैठक में महापौर, उपमहापौर के साथ ही स्थाई समिति के 6 सदस्यों का चुनाव भी कराया जायेगा।
चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख मंगलवार 27 दिसंबर 2022 तय की गई है। इस संदर्भ में नामांकन निगम सचिव के कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में सुबह 11ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक दाखिल किए जा सकते हैं।
स्थाई समिति के छह सदस्यों के लिए चुनाव भी निगम की पहली आम सभा की बैठक में किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम में पहले वर्ष महापौर के पद पर किसी महिला पार्षद को चुने जाने प्रावधान है। इसके पश्चात महापौर का पद तीसरे वर्ष में किसी अनुसूचित जाति वर्ग के निगम पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है।