भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली BJP अध्यक्ष आदेश गुप्ता को लोकायुक्त का नोटिस

-सहायक निदेश को सोंपी जांच, 3 नवंबर को होगी पेशी
-बिल्डर माफिया से उगाही, अवैध निर्माण को संरक्षण के आरोप

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 23 अगस्त, 2022।
भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली लोकायुक्त ने प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष आदेश गुप्ता को नोटिस जारी किया है। एडवोकेट हेमंत चौधरी की शिकायत पर लोकायुक्त ने मामले की जांच सहायक आयुक्त (इन्वेस्टिगेशन) को सोंपी है। मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर 2022 को होनी है। इससे पहले सहायक आयुक्त (अन्वेषण) अपनी रिपोर्ट सोंप देंगे।
एडवोकेट हेमंत चौधरी ने लोकायुक्त को दी गइ शिकायत में आरोप लगाया है कि आदेश गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली का मेयर रहते हुए सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके अपना कार्यालय बनाया, नगर निगम के साधनों का दुरूपयोग किया, बिल्डर माफिया से अवैध उगाही की और खुद भी अवैध बिल्डिंग निर्माण में जुटे हुए हैं। आरोप के मुताबिक अवैध निर्माण के कार्य में आदेश गुप्ता के पुत्र रजत गुप्ता और उनके एक रिश्तेदार दीपक गुप्ता लगे हुए हैं।
हेमंत चौधरी ने प्रेस क्लब में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि उन्होंने अपनी शिकायतों के संबंध में सभी दस्तावेज सबूतों के बतौर लोकायुक्त को सोंपे हैं। लोकायुक्त कार्यालय ने इस मामले को 4 अगस्त 2022 को सूचीबद्ध किया था और अब इसकी अगली सुनवाई 3 नवंबर 2022 को होगी।