BJP में केशव पुरम जिला टॉप पर 15 में से 11 सीट पर जीत दर्ज कर बनाया रिकॉर्ड… 12 में से 4 जोन पर रहेगा BJP का कब्जा

-विधायक मोहन सिंह बिष्ट के विधानसभा क्षेत्र में 4 सीटों पर जीती बीजेपी
-मध्य जोन में रहेगा सियासी टकराव और स्थायी समिति में भी बढ़ेगी सदस्यों की संख्या

जे.के.शुक्ला/ नई दिल्लीः 9 दिसंबर, 2022।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भले ही निगम की सत्ता से बाहर हो गई हो, लेकिन पार्टी का केशव पुरम जिला जीत के मामले में टॉप पर रहा है। हालांकि नतीजे इतने कमजोर भी नहीं रहे हैं। ताजा नतीजों के मुताबिक नगर निगम के 12 जोन में से 4 जोन पर बीजेपी का कब्जा रहेगा। खास बात ये भी है कि बीजेपी के वरिष्ठ विधायक मोहन सिंह बिष्ट के इलाके से पार्टी ने एक साथ 4 सीटों पर कब्जा कर लिया है।
संगठन के लिहाज से बीजेपी के दिल्ली में 14 जिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा पार्षद केशव पुरम जिला से चुनकर आये हैं। जिले में कुल 15 निगम वार्ड हैं और पार्टी के इस बार 11 निगम पार्षद चुनकर आये हैं। पार्टी की इस जीत से केशव पुरम जिला अध्यक्ष राजकुमार भाटिया कद भी बढ़ा है। गौरतलब है कि नगर निगम के जोन की बात करें तो दिल्ली नगर निगम में कुल 12 जोन हैं। इनमें से केशव पुरम, नजफगढ़, शाहदरा नॉर्थ और शाहदरा साउथ जोन में बीजेपी बहुमत में है।
दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि नवगठित नगर निगम में बीजेपी के पास 4 जोन का कब्जा रहेगा। केशवपुरम, नजफगढ़, शाहदरा उत्तर एवं शाहदरा दक्षिण में पार्टी बहुमत में है। उन्होंने कहा कि मध्य जोन में हमारा राजनीतिक टकराव रहेगा। इस स्थिति के चलते नवगठित सदन की स्थाई समिति में भाजपा पार्षदों की संख्या सत्ताधारी दल को टक्कर देगी जो निगम में एक विजिलेंट विपक्ष की भूमिका निभायेगी।

बता दें कि केशव पुरम जॉन में कुल 15 वार्ड हैं जिसमें से बीजेपी ने 13 वार्ड में जीत हासिल की है, जबकि आम आदमी पार्टी केवल 2 सीट हासिल कर पाई है। नजफगढ़ जॉन के 22 वार्ड में से बीजेपी के पास आ3 वार्ड हैं, आप के पास 8 और 1 सीट पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है। वहीं शाहदरा दक्षिण जॉन की 26 में से बीजेपी के पास 17 सीट हैं। आप ने 8 और कांग्रेस ने 1 वार्ड से जीत हासिल की है। शाहदरा उत्तरी जॉन में भी 35 में बीजेपी के पास 18 सीट हैं। यहां आप के पास 12, कांग्रेस के पास 4 और 1 सीट पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है।