5 साल में 1 करोड़ बढ़ी केजरीवाल की संपत्ति

-2015 में 2.1 करोड़ रूपये थी सीएम केजरीवाल की संपत्ति
-5 साल में 4 गुना बढ़ी पत्नी सुनीता केजरीवाल की संपत्ति

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
आम आदमी भले ही महंगाई की मार झेल रहा हो। लोग भले ही बेरोजगारी झेल रहे हों। सामान्य जन की आमदनी के रास्ते भले ही बंद हो गए हों। लेकिन राजनेताओं की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा है। राजधानी की बात करें तो बीते पांच साल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की संपत्ति में करीब एक करोड़ रूपये का इजाफा हुआ है। चुनाव कार्यालय में जमा कराए गए घोषणा पत्र के मुताबिक अरविंद केजरीवाल के पास इस समय 3.4 करोड़ रुपये की संपत्ति है। साल 2015 के मुकाबले उनकी संपत्ति में 1 करोड़ 30 लाख रूपये की बढ़ोतरी हुई है।
विधानसभा चुनाव में दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक 2015 में उनकी कुल संपत्ति 2.1 करोड़ रुपये की थी। जबकि केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल के पास 2015 में नकदी और सावधि जमा (एफडी) कुल 15 लाख रुपये की थी जो 2020 में बढ़कर 57 लाख रुपये की हो गई है। मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल की संपत्ति में 2015 के मुकाबले करीब चार गुना की बढ़ोतरी हुई है।. पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक सुनीता केजरीवाल ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है। उसी के लाभ के बतौर सुनीता केजरीवाल को 32 लाख रुपये और एफडी मिले हैं। बाकी उनका बचत धन है।
177 लाख रूपये की हुई अचल संपत्ति
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास 2015 में नकदी और एफडी के रूप में 2.26 लाख रुपये की संपत्ति थी। 2020 में यह बढ़कर 9.65 लाख रूपये हो गयी है। उनकी पत्नी की अचल संपत्ति के मूल्यांकन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जबकि आरविंद केजरीवाल की अचल संपत्ति 92 लाख रुपये से बढ़कर 177 लाख रुपये की हो गयी है। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि केजरीवाल की अचल संपत्ति के भाव में बढोतरी के चलते कीमतों में यह बदलाव आया है।