स्थायी समिति अध्यक्ष बने जेपी, तीनों निगमों के लिए नामांकन

-जोन अध्यक्ष रिपीट लेकिन स्थायी समिति अध्यक्ष बदले
-21 होगी तीनों स्थायी समिति अध्यक्षों की विधिवत घोषणा

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष जयप्रकाश (जेपी) को उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने सोमवार को स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ उपाध्यक्ष पद के लिए विपिन मलहोत्रा ने नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर उपमहापौर योगेश वार्मा नेता सदन तिलकराज कटारिया और नवनिर्वाचित स्थायी समिति सदस्य रविंद्र कुमार मौजूद रहे। दूसरी ओर पूर्वी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए संदीप कपूर और उपाध्यक्ष पद के लिए गुरजीत कौर ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए भूपेंद्र गुप्ता और उपध्यक्ष पद के लिए राजपाल सिंह ने अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

दक्षिणी दिल्ली के लिए भूपेंद्र गुप्ता और राजपाल सिंह ने नामांकन किया

बता दें कि दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने तय किया था कि सभी जोन अध्यक्षों और और स्थायी समिति अध्यक्षों सहित तीनों निगमों के पदों पर काबिज नेताओं को इस साल बदला नहीं जाएगा। लेकिन सोमवार की सुबह पार्टी नेताओं के बीच एक बार फिर बातचीत हुई और तीनों निगमों की स्थायी समिति अध्यक्षों को बदलने का आदेश जारी कर दिया गया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के लिए 21 जून और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के लिए 20 जून को चुनाव होना है। हालांकि अन्य कोई नामांकन नहीं आने की वजह से तीनों निगमों में भाजपा के उम्मीदवारों का चुना जाना तय है।

आर्थिक स्थिति में स्थायित्व लाना होगा प्राथमिकताः जयप्रकाश
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में जयप्रकाश जेपी ने कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति में स्थायित्व लाना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि केजरीवाल सरकार से भी सहयोग लिया जाएगा। क्योंकि जो नगर निगम के संवैधानिक अधिकार हैं उनके अनुरूप हमें चलना है और इसके लिए यदि दिल्ली सरकार से निगम के हक मांगने की बात है तो हम वहां भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि आवश्यकतानुसार योजनाएं लाई जाएं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें।