-फ्रैंकफर्ट में जर्मनी के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलने के बाद भारतीय टीम 16 अगस्त को नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में चीन के खिलाफ विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 29 जुलाई।
भारतीय महिला हॉकी टीम बुधवार तड़के यूरोप के लिए रवाना हो गई, जहां वह 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में हिस्सा लेगी। टीम बेंगलुरु से मुंबई पहुंची, जहां से उसने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट के लिए उड़ान भरी। फ्रैंकफर्ट में भारतीय टीम विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों के अंतिम चरण को पूरा करेगी। इस दौरान टीम 31 जुलाई और 1 अगस्त को मेजबान जर्मनी के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेगी, ताकि संयोजन को अंतिम रूप दिया जा सके और यूरोपीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाला जा सके।
प्रशिक्षण शिविर के बाद भारतीय टीम 2 अगस्त को एम्सटर्डम के लिए रवाना होगी, जहां वह नीदरलैंड्स में अपनी विश्व कप तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
भारत अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद पूल डी में उसका सामना दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से होगा।
टीम के रवाना होने से पहले कप्तान सलीमा टेटे ने तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि पूरी टीम इस चुनौती के लिए उत्साहित है। हमारा प्रशिक्षण शिविर काफी अच्छा रहा है और अब हमारा लक्ष्य उसी लय को अभ्यास मैचों और फिर विश्व कप में बनाए रखना है। पहले मुकाबले में चीन का सामना करना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा होगी और हम टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करना चाहते हैं। एक टीम के रूप में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
कई महीनों की तैयारी और जर्मनी में होने वाले महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर के साथ-साथ मेजबान टीम के खिलाफ दो अभ्यास मैचों से भारतीय टीम को विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। टीम टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित है।


