एशियाई अंडर-17 बॉक्सिंग चौंपियनशिप में भारत के लड़कों का शानदार प्रदर्शन

-टीम ने पांच पदक किए पक्के

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 8 मई।
एशियाई अंडर-17 बॉक्सिंग चौंपियनशिप में भारत के युवा मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मुक्केबाजों को सेमीफाइनल में पहुंचाया और देश के लिए कम से कम पांच पदक पक्के कर दिए। क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में यश यादव (50 किग्रा) ने किर्गिस्तान के कुबानिचबेक बोलुशोव को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, निवेश पाल (54 किग्रा) ने जापान के शिगेन कनाई को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात देकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
70 किग्रा वर्ग में नमन कुमार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ताजिकिस्तान के रुजिबेक मिरावोतोव को 5-0 से हराया। 75 किग्रा वर्ग में लक्ष्य फोगाट ने भी शानदार मुक्केबाजी करते हुए चीनी ताइपे के चेंगएन ली को 5-0 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। अन्य मुकाबलों में करुंग अल्बर्टसन (60 किग्रा) को कजाखस्तान के एमिर मुखित के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। रणवीर (66 किग्रा) कजाखिस्तान के इस्लाम सुलेमानोग्ली से 0-5 से हार गए, जबकि सिद्धांत (80 किग्रा) को कजाखस्तान के सबिरझान सागिम के खिलाफ 0-5 से शिकस्त मिली, जिससे उनका अभियान समाप्त हो गया।
आज चार और पदक सुनिश्चित होने के साथ अंडर-17 लड़कों की स्पर्धा में भारत के कुल पदकों की संख्या अब पांच हो गई है। भारतीय दल अब इसी लय को बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में स्वर्ण पदक की दौड़ को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।