दिल थामें श्रीमान… टूटते रहे हैं एग्जिट पोल्स के अनुमान

-बीजेपी और कांग्रेस का दावा गलत साबित होंगे एग्जिट पोल्स
-48 सीट जीतकर सरकार बनाएगी बीजेपीः मनोज तिवारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद लोग सांसें थामे नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। ज्यादातर एजेंसियों के एग्जिट पोल्स में आम आदमी पार्टी एक बार फिर भारी बहुमत की ओर बढ़ रही है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण विश्वास के साथ दावा किया है कि वह दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी का दावा है कि उनकी पार्टी दिल्ली में 48 सीट जीतने जा रही है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि परिणाम इतने ज्यादा खराब नहीं होंगे जितने कि एग्जिट पोल्स में दिखाए जा रहे हैं। मंगलवार को नतीजे आने हैं लेकिन बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के दावों को फिलहाल इसलिए नहीं नकारा जा सकता, क्योंकि एग्जिट पोल्स के अनुमान कई बार टूटते रहे हैं।
साल 2014 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो दिल्ली की सात सीटों के लिए कराए गए एग्जिट पोल्स के मुताबिक बीजेपी को सातों सीटों पर जीत हासिल नहीं हो रही थी। लेकिन नतीजे आए तो पार्टी को दिल्ली की सातों सीट पर भारी मतों से जीत हासिल हुई थी। तब इंडिया टुडे-सिसरो के एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को एक, बीजेपी को चार और आम आदमी पार्टी को 2 सीट दी गई थीं। सीएनएन-सीएसडीएस ने बीजेपे को तीन से चार सीट मिलती बताई थीं। लेकिन बीजेपी ने क्लीन स्वीप करते हुए सातों सीट पर जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी न्यूज नेशन, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज ने बीजेपी को सातों सीट मिलने पर शंका जताई थी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2013 में इंडिया टीवी-सीवोटर ने आप को 10, बीजेपी को 29 और कांग्रेस को 27 सीट दी थीं। इंडिया टुंडे ओआरजी ने आप को 6, बीजपी को 36 और कांग्रेस को 22 सीट दी थीं। 4 सीट अन्य के खाते में जाते हुए बताई थीं। वहीं टाइम्स नाउ- सी वोटर ने अपने एग्जिट पोल्स में आप को 18, बीजेपी को 25 और कांग्रेस को 22 सीट पर जीतता हुआ बताया था। एबीपी व सीएनएन ने भी कुछ इसी तरह के आंकड़े पेश किए थे। लेकिन सभी एग्जिट पोल्स को धता बताते हुए बीजेपी ने सबसे ज्यादा 32 सीट जीती थीं। आम आदमी पार्टी को 28 सीट पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस महज 8 सीट पर सिमट कर रह गई थी। जिसका किसी ने अंदाजा तक नहीं लगाया था।
साल 2015 के विधानसभा चुनाव में भी सभी एग्जिट पोल्स धराशायी हो गए थे। केवल टोटल टीवी ने आप को 50 के आस-पास सीटें मिलने का अनुमान जताया था। बाकी में से केवल इंडिया टुडे-सिसरो व हिंदुस्तान टाइम्स-सी वोटर, एनडीटीवी ने आप की सरकार बहुमत के साथ बनती हुई बताई थी। तब टाइम्स नाउ ने आप को 34 और बीजपी को 32 सीट बताई थीं। न्यूज नेशन ने आप को 32 बीजेपी को 33, जी न्यूज ने आप को 32 व बीजेपी को 34 सीट मिलते हुए दिखाया था। खास बात है कि ज्यादातर एग्जिट पोल्स में फिर से हंग विधानसभा या फिर बीजेपी की सरकार बनती हुई बताई थी।
लेकिन जब 2015 के विधानसभा चुनाव के नतीजे आए तो सभी दंग रह गए थे। एग्जिट पोल्स में 2 से 10 सीट लेती दिख रही कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था। बीजेपी महज 3 सीट पर सिमट कर रह गई। जबकि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के इतिहास में पूरी तरह से क्लीन स्वीप करते हुए 67 सीटें जीती थीं। ऐसे में विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराए गए एग्जिट पोल्स पर सवाल उठने लाजिमी हैं।
2020 के विधानसभा चुनाव में सभी एग्जिट पोल्स केवल आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत के साथ सरकार बनाते हुए बता रहे हैं। टीवी 9 भारतवर्ष-सिसरो और टाइम्स नाउ- आईपीएसओएस ने बीजेपी को 26 सीटें मिलते हुए बताया है। रिपब्लिक-जन की बात के एग्जिट पोल्स में बीजेपी 9 से 21 सीट तक जा कती है। जबकि बीजेपी को एबीपी-सीवोटर ने 3 से 17, इंडिया नयूज-नेता ने 7 से 11 और आजतक-एक्सिस माई इंडिया ने 2 से 11 सीट मिलने का अनुमान जतया है। टीवी 9, टाइम्स नाउ और आज तक ने कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दी है। ऐसे में सही नतीजे तो मंगलवार 11 फरवरी को वोटों की गिनती के बाद ही सामने आ पाएंगे। देखना यह है कि चुनाव के परिणाम एग्जिट पोल्स के आस-पास ही रहते हैं या फिर एक बार फिर से चुनाव से पूर्व कराए गए सर्वे धराशायी हो जाते हैं।