-हरमनप्रीत की वापसी, संभालेंगे टीम की कप्तानी
-इस दौरे में नीदरलैंड, जर्मनी, इंग्लैंड और पाकिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 27 मई।
हॉकी इंडिया ने बुधवार को आगामी एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के यूरोपीय चरण के लिए 24 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा की। टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह व्यक्तिगत कारणों से फरवरी में होबार्ट में खेले गए प्रो लीग चरण से बाहर रहने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं।
भारतीय दल 7 से 9 जून 2026 तक बेल्जियम के ब्रुसेल्स में तैयारी शिविर और एक मैत्री मैच के लिए जाएगा। इसके बाद टीम 10 जून से नीदरलैंड के रॉटरडैम में रहेगी, जहां 14 से 21 जून के बीच जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ प्रो लीग मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के लंदन रवाना होगी, जहां 23 से 28 जून के बीच पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेले जाएंगे।
इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है। आगामी विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम के मुख्य ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
भारतीय कप्तान और रक्षा पंक्ति के अगुआ हरमनप्रीत सिंह के साथ रक्षापंक्ति में अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और युवा डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा शामिल हैं। मिडफील्ड में अनुभवी हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद और राज कुमार पाल टीम की कमान संभालेंगे। वहीं आक्रमण पंक्ति में मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक और सेल्वम कार्थी जैसे तेजतर्रार फॉरवर्ड मौजूद हैं।
हॉकी इंडिया ने पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों की भी घोषणा की है। इनमें गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक, फॉरवर्ड अराइजीत सिंह हुंडाल और मनींदर सिंह, डिफेंडर पूवन्ना चंदुरा बॉबी तथा मिडफील्डर विष्णु कांत सिंह शामिल हैं।
टीम चयन और यूरोप में होने वाले प्रो लीग मुकाबलों पर मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “प्रशिक्षण बहुत अच्छी तरह चल रहा है और टीम बेहतरीन स्थिति में है। जून में नीदरलैंड और इंग्लैंड में होने वाले एफआईएच प्रो लीग मुकाबले हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। विश्व स्तरीय टीमों के खिलाफ ये कड़ी परीक्षाएं हमें बताएंगी कि विश्व कप की तैयारियों में हम कहां खड़े हैं। हम इस चुनौती का सामना करने के लिए उत्साहित हैं।”
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (24 सदस्यीय दल)
गोलकीपरः मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार, सूरज करकेरा, डिफेंडरः हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित, रोहिदास, सुमित, संजय, यशदीप सिवाच, अमनदीप लाकड़ा, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, मिडफील्डरः हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, राजिंदर सिंह, राज कुमार, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, रबीचंद्र सिंह, मोइरांगथेम, फॉरवर्डः मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक, आदित्य अर्जुन लालगे, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सेल्वम कार्थी,
भारत के यूरोपीय चरण का मैच कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार)
रॉटरडैम, नीदरलैंडः
14 जून 2026, नीदरलैंड बनाम भारत, शाम 7ः30 बजे
17 जून 2026ः भारत बनाम जर्मनी, रात 11ः00 बजे
18 जून 2026ः जर्मनी बनाम भारत, रात 11ः00 बजे
21 जून 2026ः नीदरलैंड बनाम भारत, शाम 5ः30 बजे
लंदन, इंग्लैंडः
23 जून 2026ः पाकिस्तान बनाम भारत, शाम 7ः00 बजे
25 जून 2026ः इंग्लैंड बनाम भारत, रात 12ः00 बजे (मध्यरात्रि)
26 जून 2026ः भारत बनाम पाकिस्तान, रात 10ः30 बजे
28 जून 2026ः इंग्लैंड बनाम भारत, रात 8ः30 बजे।


