1 लाख 30 हजार प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है सोना!

-वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल ने जताई 37 फीसदी तक की गिरावट की आशंका
-3887 डाॅलर प्रति औंस से नीचे गया तो 3500 डाॅलर तक जा सकता है सोना

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 7 अगस्त।
सोने की बढ़ती चमक ने इसकी मांग को भले ही सुस्त कर दिया हो। परंतु इसकी बिक्री की वैल्यू का रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया है। इसका खुलासा वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्लूजीसी) ने किया है। वहीं वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल यह आशंका भी जाहिर की है है कि आने वाले दिनों में सोने के दामों में 37 फीसदी तक की गिरावट भी आ सकती है। इसको देखते हुए बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में 24 कैरेट सोने के दाम गिरकर 1 लाख 30 हजार रूपये तक आ सकते हैं।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल द्वारा भारत के लिए जारी की गई ताजा रिपोर्ट के अनुसार साल 2026 की अप्रैल-जून की तिमाही में भारतीयों ने वॉल्यूम के हिसाब से कम सोना खरीदा लेकिन रिकॉर्ड ऊंची कीमतों के कारण सोने पर अब तक का सबसे अधिक खर्च किया गया है। अप्रैल से जून तक की तिमाही में देश में सोने की मांग में सालाना आधार पर करीब 6 फीसदी की गिरावट के साथ131 टन रह गई, जो हालिया वर्षों में सबसे कमजोर रही। परंतु मांग में कमी के बावजूद उसकी वैल्यू 50 फीसदी तक बढ़कर रिकॉर्ड 1.98 लाख करोड़ रूपये तक पहुंच गई। क्योंकि घरेलू बाजार में सोने के दाम इस दौरान करीब 59 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
जारी रिपोर्ट में वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल ने कहा है कि अगर सोना 3,943 डाॅलर प्रति औंस से नीचे खिसकता है तो इसके बाद भाव 3,857 डाॅलर से 3,887 डाॅलर के दायरे में आकर टिकने की कोशिश करेंगे। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम 3,887 डाॅलर के स्तर से नीचे जाते हैं तो 3,500 डाॅलर प्रति औंस तक गिर सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जनवरी 2026 के मुकाबले सोने के दामों में अब तक करीब 7 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है।
दूसरी ओर दि दिल्ली बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल गोयल का कहना है कि देश और दुनियां में जिस तरह के हालात चल रहे हैं, उससे यही आसार हैं कि आने वाले कुछ दिनों में सोने के दाम गिर सकते हैं। यदि मांग में कमी और डब्लूजीसी की आशंका सही साबित हुई तो देश में 24 कैरेट सोने के दाम 1 लाख 30 हजार रूपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी के दामों में उतार चढ़ाव के मामले में यह कोई नई बात नहीं है। ऐसा पहले भी हो चुका है।
वर्तमान स्थितिः
दूसरी तरफ, अगर भारतीय बाजार की वर्तमान स्थिति की बात करें तो पिछले एक सप्ताह से बाजार में मंदी का माहौल था, लेकिन बुधवार 5 अगस्त को इसमें अचानक जोरदार उछाल देखने को मिला। सोने की कीमत में एक ही दिन में करीब 1,100 रुपये की बढ़त आई और यह 1,45,393 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी भी पीछे नहीं रही और करीब 2,400 रुपये की लंबी छलांग लगाते हुए 2,24,065 रुपये प्रति किलो पर जा पहुंची। सोने के दामों में गुरूवार को भी बढ़त देखने को मिली और इसके दाम 1,45,910 रूपये प्रति 10 ग्राम रहे। वहीं शुक्रवार को दिल्ली सराफा बाजार में 3960 रूपये की बढ़त के साथ 24 कैरेट सोने के दाम 1,49,870 रूपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गये। इस पर बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय बाजार में भले ही सोने-चांदी के दामों में अभी तेजी दिख रही हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के सिर पर गिरावट की तलवार लटक रही है।