यश ढुल और सिद्धार्थ जू़न के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स की न्यू दिल्ली टाइगर्स पर नौ विकेट से जीत

-बारिश से प्रभावित मैच को घटकर 18-18 ओवर का किया गया

विजय कुमार / नई दिल्ली, 11 अगस्त!
सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में न्यू दिल्ली टाइगर्स को नौ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को घटाकर 18-18 ओवर का कर दिया गया था और यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 18 ओवर में 8 विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान हिम्मत सिंह ने महज 21 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। केशव दलाल सिंह ने 31 गेंदों पर 39 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया, जबकि मनीष सहरावत ने अंत में 19 गेंदों पर तेज 37 रन बनाकर टीम के स्कोर को चुनौतीपूर्ण बनाया।
हालांकि टाइगर्स ने प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया, लेकिन सेंट्रल दिल्ली किंग्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। गवनीश खुराना टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। कप्तान यश ढुल और सिद्धार्थ जू़न ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 126 रन की बड़ी साझेदारी की।
ढुल ने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में आठ छक्के और छह चौके शामिल रहे, जिससे टाइगर्स के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बना रहा।
ढुल के आउट होने के बाद भी जू़न ने युगल सैनी के साथ मिलकर आक्रमण जारी रखा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। विकेट हाथ में होने और जरूरी रन रेट नियंत्रण में रहने के कारण सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की। सिद्धार्थ जू़न 34 गेंदों पर 83 रन बनाकर नाबाद रहे।