कुत्तों के साथ करें मानवीय व्यवहार, वे भी समाज से चाहते हैं प्यार: प्रो. सुमन
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली,11 अगस्त।
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री अरबिंदो कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मंगलवार को कुत्तों के काटने से बचाव और सुरक्षित मानव-पशु व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘‘ पॉज़ एंड प्रोटेक्ट ’’ नामक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में कुत्तों के साथ व्यवहार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि उनके साथ मानवीय व्यवहार करें और परिवार में रहे तथा बाहर वाले पशुओं के साथ भी वैसा ही व्यवहार करें।
अरबिंदो कॉलेज के मीडिया संयोजक प्रोफेसर हंसराज सुमन ने बताया है कि हमें दैनिक जीवन में कुत्तों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए ताकि उन्हें भी ऐसा महसूस हो कि यह हमारे मालिक नहीं बल्कि परिवार के सदस्य हैं। कुत्तों के साथ भी मानवीय व्यवहार करें, वे भी समाज से प्यार चाहते हैं। वे क्रूर तब होते हैं जब उनके साथ मनुष्यवत व्यवहार नहीं किया जाता। उनसे बचाव व उनके व्यवहार के संबंध में भी जानकारी दी। प्रो.सुमन ने बताया कि कॉलेज की ओर से एनएसएस की टीम द्वारा कुत्तों के काटने , बचाव पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। उनके अनुसार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चार अंकों का नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से कुत्तों के काटने की घटनाओं से बचाव के विभिन्न पहलुओं को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। पहले अंक में एक व्यक्ति को भोजन करते समय एक कुत्ते के पास आने की स्थिति को दर्शाया गया और समझाया गया कि भोजन करते हुए कुत्ते को परेशान करने या उसके बहुत करीब जाने से बचना चाहिए। उनकी प्रवृत्ति होती है कि कोई उन्हें खाते समय परेशान करता है तो वे गुस्से से बाहर हो जाते हैं और काटने लगते हैं।


