दिल्ली विधानसभा में महिलाओं ने CM रेखा गुप्ता को बांधी राखी

-महिलाओं ने व्यक्त किया विश्वास, जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तीकरण के लिए सीएम रेखा गुप्ता का किया अभिनंदन

एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 7 अगस्त 2026।
रक्षाबंधन के पावन पर्व के संदेश को नई सार्थकता देते हुए शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को राखी बांधकर अपना स्नेह और विश्वास व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व के मूल भाव बहनों के सम्मान, सुरक्षा और संरक्षण को मुख्यमंत्री ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के माध्यम से वास्तविक रूप दिया है। यह पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को नई मजबूती देने के साथ-साथ परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का माध्यम बनेगी। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देकर उन्हें विश्वास का नया आधार दिया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी महिलाओं का स्नेहपूर्वक अभिवादन करते हुए कहा कि उनके द्वारा बांधी गई राखी केवल एक पवित्र धागा नहीं, बल्कि विश्वास, आत्मीयता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रत्येक बहन और बेटी का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार इसी भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।