दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मांगेराम गर्ग का निधन

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग नहीं रहे

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली

दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक मांगेराम गर्ग का निधन हो गया। उन्होंने रविवार 21 जुलाई को सुबह 7ः30 बजे अंतिम सांस ली। वह काफी दिन से बीमार चल रहे थे और उत्तरी दिल्ली के एक्शन बालाजी अस्पताल में भर्ती थे। मांगेराम गर्ग के पार्थिव षरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय 14 पंडित पंत मार्ग पर अंतिम दर्शन के लिए रखकर श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने अपनी देह का दान ‘दधीचि देह दान समिति’ के माध्यम से कर रखा था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, बीएल संतोष, रामलाल, संजय जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद गौतम गंभीर, मीनाक्षी लेखी, पूर्व प्रदेष अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मांगेराम गर्ग के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मांगेराम गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मांगे राम गर्ग के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के जरिए शोक जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, मांगे राम के निधन से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई है। वे निस्वार्थ भाव से काम करते थे। वे जमीनी स्तर से जुड़े नेता थे। मांगे राम समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। गर्ग ने दिल्ली की जनता और पार्टी के लिए जो काम किया है वह वर्षों तक याद किया जाता रहेगा। पीएम ने मांगेराम गर्ग के साथ अपनी एक पुरानी फोटो भी ट्वीट की।
नरवाना से दिल्ली तक का सफरः
मांगेराम गर्ग का जन्म 23 नवम्बर, 1936 को हरियाणा के नरवाना तहसील के कुराड़ गांव में हुआ था। वह बाल्यकाल से स्वयंसवेक रहे। युवा अवस्था के समय से ही जनसंघ से जुड़े रहे। समालखा रेलवे स्टेशन पर आजादी से पूर्व बाल्यकाल में उन्होंने यात्रियों को पानी पिलाकर सेवाकार्य की शुरूआत की। गर्ग ने भाजपा में समिति अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय किया। जिला अध्यक्ष के बाद दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष के बाद 1997 में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष बने। इनके नेतृत्व में 1999 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर विजय प्राप्त की। वह 2002 तक दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रहे। 2003 से 2008 तक दिल्ली विधानसभा के सदस्य रहे। वह 2002 से 2014 तक भाजपा के राष्ट्रीय आजीवन सहयोग निधि के प्रमुख रहे। 2014 से वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय निर्माण समिति के सदस्य के रूप में काम देख रहे थे जिसके तहत भाजपा के प्रदेशों एवं जिलों में कार्यालय निर्माण का काम किया जा रहा था।
सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े रहेः
गर्ग प्रमुख रूप से धर्मयात्रा महासंघ, अग्रवाल निष्काम सेवा ट्रस्ट हरिद्वार, आदर्श रामलीला कमेटी, आदर्श शिक्षा संस्थान, आदर्श धर्ममार्थ संस्थान, आदर्श विवाह समिति, अग्रवाल वेलफेयर सोसायटी, एकता चेरिटेबल ट्रस्ट गोवर्धन, श्री शिव कृष्णा सेवा ट्रस्ट वृंदावन, नीलकंठ धाम हरिद्वार, गंगामाता चेरिटेबल ट्रस्ट हरिद्वार जैसे सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े रहे। मांगेराम गर्ग के परिवारीजन अब भी संयुक्त परिवार में रहते है। इस परिवार में 28 सदस्य एक साथ मिलकर रहते हैं। पांच पुत्रों में सुभाष गर्ग, सुरेश गर्ग, अशोक गर्ग, सतीश गर्ग एवं संजय गर्ग, एक सुपुत्री बाला गर्ग के रूप में भरापूरा परिवार है। इनकी पत्नी अंगूरी देवी का स्वर्गवास चार वर्ष पूर्व ही हो गया था।