-24 अप्रैल को हुई थी चोरी की घटना
राजेन्द्र कुमार/ राजापाकड़, वैशाली।
श्री महावीर आधुनिक फ्लोर मिल एवं मसाला स्टोर में 24 अप्रैल को हुई चोरी की घटना को स्थानीय पुलिस ने सुलझा लिया है। पीड़ित दुकानदार भरत साह द्वारा एक व्यक्ति को नामजद बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शक के आधार पर राजापाकर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया तथा उससे पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति अर्जुन सिंह उर्फ बिट्टू ने चोरी की घटना में संलिप्तता को स्वीकार किया।
आरोपी ने चोरी का सामान बेचे जाने की सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने राजापाकर हाई स्कूल चैक पर एक किराना दुकान में छापेमारी की। जहां के सामान को बरामद कर लिया गया। चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार की पहचान राजापाकर पूर्वी टोला निवासी रामसरीख राय के पुत्र वीरेंद्र राय के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को राजापाकर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गौरतलब है कि अभी तक नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसको लेकर थाना अध्यक्ष ने बताया कि नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि श्री महावीर आधुनिक फ्लोर मिल एवं मसाला स्टोर में लगातार पांच बार चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।


