-वर्जील होल्डिंग्स ने की सहायता एवं पुनर्वास पैकेज की घोषणा
एसएस ब्यूरो/ लखनऊ-दुबई, 10 जून 2026।
दुबई की एमिरेट्स रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के तीन श्रमिकों के परिवारों को यूएई स्थित भारतीय उद्यमी डॉ. शमशीर वायलिल की ओर से 26-26 लाख रूपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। बर्जील होल्डिंग्स के चेयरमैन एवं सीईओ डॉ. शमशीर ने दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के लिए कुल 2.6 करोड़ रूपये के मानवीय सहायता एवं पुनर्वास पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि सहायता योजना की जानकारी दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को दे दी गई है, ताकि प्रभावित परिवारों तक मदद शीघ्र पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल भारतीय परिवारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों तक पहुंचेगी।
दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए डाॅ शमशीर ने कहा कि प्रवासी श्रमिक अपने परिवारों के बेहतर भविष्य के लिए विदेशों में कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसी त्रासदियों में समाज का दायित्व है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहे और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करे। दुर्घटना में सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें छह भारतीय नागरिक शामिल थे। मृत भारतीयों में तीन उत्तर प्रदेश और तीन तेलंगाना के निवासी थे। हादसे ने उन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, जिनके सदस्य रोजगार के लिए दुबई में काम कर रहे थे।
घोषित राहत पैकेज के तहत हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 26 लाख रूपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा घायल बचे लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए 47 लाख रूपये, प्रभावित परिवारों के सदस्यों की आपातकालीन यात्रा और आवास व्यवस्था के लिए 18 लाख रूपये तथा बच्चों की शिक्षा के लिए 13 लाख रूपये का प्रावधान किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, एक कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही मिनी बस एमिरेट्स रोड पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में कई लोग घायल हुए। नौ घायल बचे लोगों में आठ भारतीय नागरिक हैं। इनमें से पांच को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि तीन भारतीय अभी भी उपचाराधीन हैं।


