MCD: दिल्ली सरकार के GST विभाग को करोड़ों का चूना लगा रहा पार्किंग माफिया!

-ब्लाॅक पड़े हैं ज्यादातर पार्किंग ठेकेदारों के जीएसटी नंबर

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 10 जून, 2026।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में चरम पर चल रहा भ्रष्टाचार भारी चर्चा में है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में है दिल्ली नगर निगम का लाभकारी परियोजना (RP Cell) विभाग। यहां कुछ विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से पार्किंग माफिया का राज है। ज्यादातर ठेकेदारों की ओर एमसीडी का करोड़ों रूपया बकाया है और एमसीडी अधिकारी कोई कदम उठाने को तैयार नहीं हैं।
वहीं, एक नया मामला जीएसटी विभाग से जुड़ा सामने आया है। पार्किंग माफिया ने जीएसटी विभाग में अपने पंजीकरण तो कराये हैं, परंतु जिन जीएसटी पंजीकरण के नाम पर पार्किंग के ठेके लिये हैं, ज्यादातर ठेकेदारों के यह जीएसटी नंबर ब्लाॅक पड़े हैं।
सूत्रों के मुताबिक लाखों रूपये महीने के पार्किंब ठेके लेने के बावजूद ज्यादातर पार्किंग ठेकेदार दिल्ली सरकार के खजाने में जीएसटी जमा ही नहीं करवा रहे हैं। ऐसे करीब एक दर्जन बड़े ठेकेदार हैं, जो कि महीने का एक भी रूपया जीएसटी जमा नहीं करवा रहे हैं। मामले की शिकायत दिल्ली के जीएसटी कमिश्नर के साथ ही अन्य आला अधिकारियों तक की जा चुकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जीएसटी विभाग की ओर से पार्किंग माफिया के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।