BJP: अनुभव को वरीयता… प्रवेश वाही बने नेता सदन, सत्या शर्मा जायेंगी स्टेंडिंग कमेटी में

-सदन से चुनाव के लिए सत्या शर्मा ने किया नामांकन, प्रवेश वाही ने संभाली नई जिम्मेदारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 28 मई।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने अपनी दो अनुभवी एवं वरिष्ठ निगम पार्षदों को महत्व देते हुए नई जिम्मेदारी सोंपी है। रोहिणी जोन से आने वाले प्रवेश वाही को दिल्ली नगर निगम में नेता सदन की जिम्मेदारी सोंपी है और शाहदरा उत्तर जोन से आने वाली सत्या शर्मा को सदन से स्टेंडिंग कमेटी के लिए एक सदस्य के होने वाले चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि बीजेपी के दोनों ही नेता 2007 से नगर निगम की राजनीति करते आ रहे हैं। यह दोनों 2007 से 2012 तक के निगम के कार्यकाल में पहली बार निगम पार्षद चुनकर आये थे। इसके पश्चात दोनों ही कई बार निगम पार्षद चुने जा चुके हैं। 2023 की शुरूआत में मेयर चुनाव के समय सत्या शर्मा ज्यादा चर्चा में आई थीं, जब यह चुनाव कोर्ट तक पहुंच गया था। प्रवेश वाही और सत्या शर्मा इससे पहले नगर निगम के कई पदों पर रह चुके हैं।
नेता सदन की जिम्मेदारी संभालने के बाद प्रवेश वाही ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि एमसीडी के सदन की बठकों में जनता से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा से ज्यादा चर्चा हो सके। ज्यादा से ज्यादा निगम पार्षदों को अपने इलाकों की परेशानियां उठाने का मौका मिल सके। ज्यादा से ज्यादा निगम पार्षद दिल्ली के विकास के मुद्दों पर सदन की बैठकों में अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्ष में नगर निगम की हालत खस्ता हो गई है, निगम पार्षद कोई काम नहीं करा पा रहे हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि निगम के आला अधिकारियों के सहयोग से जनता से जुड़े ज्यादा से ज्यादा काम हो सकें।